ईरान ने दो अमेरिकी लड़ाकू विमानों को किया ढेर


दरअसल, रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने दावा किया है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक अमेरिकी A-10 विमान को मार गिराया है। हालांकि इस दावे की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। A-10 एक ऐसा हमला करने वाला विमान होता है, जो खासतौर पर जमीन पर मौजूद दुश्मन के ठिकानों को निशाना बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसी बीच एक और बड़ी जानकारी सामने आई है। अमेरिकी एफ-15ई स्ट्राइक ईगल फाइटर जेट भी ईरान के ऊपर गिरा था, जिसमें दो लोग सवार थे। इनमें से एक क्रू मेंबर को अमेरिकी सेना ने सफलतापूर्वक बचा लिया है। उसे सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज दिया जा रहा है। लेकिन दूसरे क्रू मेंबर की स्थिति अभी भी साफ नहीं है और उसकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

लापता क्रू मेंबर पर क्या बोला पेंटागन?
अमेरिकी संसद की हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी को पेंटागन ने जानकारी दी है कि एक सैनिक को सुरक्षित बचा लिया गया है, लेकिन दूसरे की स्थिति अभी भी अज्ञात है। इसका मतलब है कि अमेरिकी रक्षा विभाग को यह नहीं पता कि वह कहां है और उसकी हालत क्या है। वहीं, ट्रंप से जब पूछा गया कि अगर उस लापता सैनिक को ईरान नुकसान पहुंचाता है तो अमेरिका क्या करेगा, तो उन्होंने इस पर खुलकर कुछ नहीं कहा। उन्होंने बस इतना कहा, 'हमें उम्मीद है कि ऐसा नहीं होगा।' यानी उन्होंने सबसे खराब स्थिति पर कोई स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया। इस घटना को खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि यह लंबे समय बाद पहली बार है जब किसी अमेरिकी लड़ाकू विमान को दुश्मन इलाके में मार गिराया गया है। इससे पहले 2003 में इराक युद्ध के दौरान ऐसा हुआ था।

#ईरान