चंबा के भरमौर-होली मार्ग पर बड़ा हादसा : निर्माणाधीन पुल सुबह भूस्खलन के चलते अचानक ध्वस्त

हिमाचल प्रदेश के चंबा के भरमौर-होली मार्ग पर बड़ा हादसा सामने आया है. सिंयुर को जोड़ने वाला निर्माणाधीन पुल सुबह भूस्खलन के चलते अचानक ध्वस्त हो गया. पुल टूटने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. पुल के गिरने से क्षेत्र की सड़क संपर्क व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.  भरमौर से होली क्षेत्र को जोड़ने के लिए सिंयुर पुल का निर्माण कार्य चल रहा था. पुल के ध्वस्त होने के कारण वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है, जिससे कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग का क्षेत्रीय आवाजाही में अहम योगदान है, ऐसे में पुल गिरने से दैनिक जीवन और आपूर्ति व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है. पहाड़ी क्षेत्रों में पहले भी भूस्खलन और पुल क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिनसे सड़क संपर्क बाधित होता है. लोक निर्माण विभाग द्वारा इस पुल का निर्माण पिछले 2 वर्षों से किया जा रहा था। लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल के दोनों छोर पर स्टील की रेलिंग का काम पूरा हुआ था। अगले कुछ महीनों में इस पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने की उम्मीद थी। इससे पहले ही आज करीब आठ बजे पहाड़ी से भारी मलबा और चट्टानें पुल पर गिर गईं। 

#चंबा