11 बजे तक असम में 39 फीसदी मतदान, केरल सबसे पीछे
मलयालम सुपरस्टार ममूटी ने किया मतदान
मलयालम सुपरस्टार ममूटी और उनकी पत्नी सुल्फाथ कुट्टी ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए अपना मतदान किया। दोनों ने कोच्चि के क्राइस्ट किंग कॉन्वेंट स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने सत्ता परिवर्तन का दावा किया
पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने मतदान के बाद सत्ता परिवर्तन का दावा किया। उन्होंने कहा कि केरल की जनता भाजपा को पसंद नहीं करती है और 10 साल के कुशासन की वजह से इस बार राज्य में सरकार निश्चित तौर पर बदलेगी।
पुदुचेरी के उपराज्यपाल के कैलाशनाथन ने किया मतदान
पुदुचेरी के उपराज्यपाल के कैलाशनाथन ने विधानसभा चुनाव के लिए डीएमएस कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद नागरिकों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा, 'चुनाव में मतदान करना प्रत्येक नागरिक का प्राथमिक कर्तव्य है। मैं सभी नागरिकों से अपना वोट डालने का अनुरोध करता हूं।'
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने किया मतदान
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा, मुझे बहुत खुशी है कि मैंने मतदान किया है और मैं राज्य के सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर आएं और अपने कर्तव्य का पालन करें। लोकतंत्र न केवल हमारी मिट्टी में बल्कि हमारे दिलों में भी गहराई से बसा हुआ है। आइए हम सब मिलकर मतदान करें।

