बड़ी ज़िम्मेदारी का काम है घर में पक्षी पालना

कुछ लोगों को घर में पिंजरे में बंद छोटे-छोटे, रंग-बिरंगे सुंदर पक्षी पालना पसंद होता है। इससे घर में हर समय पक्षियों की चहचहाट गूंजती है। पिंजरे के अंदर बंद ये पक्षी उन्हें इसलिए भी पसंद होते हैं, क्योंकि उन्हें इनका पालन करके लगता है कि बाहर जहां परिंदे भूख प्यास से अपना दम तोड़ देते हैं, इन्हें घर में पालकर वे एक पुनीत कार्य कर रहे हैं, जिससे वे भूख प्यासे असमय न मरें। अगर आपको भी परिंदों को पालना पसंद है तो इनकी देखभाल के कुछ तरीके और कानूनी जानकारी होना ज़रूरी है। आइये जानते हैं कैसे-
तापमान का रखें ध्यान
गर्मी के दिनों में इंसान के लिए कम पक्षियों के लिए ये दिन ज्यादा चुनौतीपूर्ण होते हैं। क्योंकि पक्षी तापमान के प्रति बेहद संवेदनशील होते हैं और अगर हम इन्हें पंखे या एसी के पास रखते हैं, तो इस बात का ध्यान रखें कि पंखे की सीधी हवा या एसी की सीधी कूलिंग इनके लिए असुविधाजनक हो सकती है। वह तापमान में रिस्पोंस कैसे करते हैं, इस पर ध्यान दें। अगर वह ज्यादा ठंड या गर्मी महसूस कर रहे हैं तो उनकी ज़रूरत के अनुसार तापमान में उन्हें रखें। क्योंकि वह बोलकर नहीं बता सकते और लंबे समय तक अगर वह असहज स्थिति में रहते हैं तो इससे उनकी मौत भी हो सकती है। 
परिंदों की सुरक्षा
जिस दौरान घर में हम खिड़कियों और दरवाजों को खुला रखते हैं, तो इस बात का ध्यान रखें कि परिंदे पिंजरे में हों वरना वह उड़कर घर से बाहर जा सकते हैं। उन्हें ऐसी जगह रखें जहां वातावरण का धुआं, कीटनाशक स्प्रे न हों। बाहर से चूहे, सांप और अन्य हानिकारक जीव जो उन्हें अपना भोजन बना सकते हैं, उनकी पहुंच से बाहर होने चाहिए। 
परिंदों का भोजन
गर्मी के दिनों में उन्हें जब काफी गर्मी लगती है तो उनके लिए पीने का पानी और नहाने के लिए भी पानी उपलब्ध कराएं। यदि आप अपने घर के टैरिस पर परिंदों के लिए पानी और दाना डालते हैं, तो गर्मी के दिनों में विशेष तौर पर उनके दानों के बर्तनों के पास पानी के बड़े बर्तन रखें। वे गर्मी महसूस होने पर नहा सके। अपने पालूत परिंदों को बरामदे में तेज धूप से बचाकर ऐसी जगह पर रखें, जहां दिनभर छाया हो और हवा की आवाजाही हो। 
बाहरी सुरक्षा
परिंदों को गर्मी में ज्यादा गर्मी और सर्दी में ज्यादा सर्दी बीमार कर सकती है। सर्दी के दिनों में उन्हें स्वस्थ और सेहतमंद रखने के लिए ऐसी जगह पर रखें जहां उन्हें पर्याप्त धूप मिले। उनके लिए सुबह की धूप उपयुक्त होती है। जो लोग पूरा दिन उन्हें घर के अंदर रखते हैं, उन्हें थोड़े समय के लिए परिंदों के पिंजरे को धूप में रखना चाहिए। अगर उसे बाहर रखते हैं तो उसकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें। 
इन बातों पर दें ध्यान
* पक्षियों के लिए पिंजरा खरीदते समय अगर आपने छोटे पिंजरे सहित खरीदा है, तो उनके लिए बड़े पिंजरे की व्यवस्था करें, जिसमें पक्षी आराम से चल-फिर सकें और थोड़ा बहुत उड़ भी सकें। 
* उन्हें ज्यादा तेज धूप, ज्यादा सर्दी और ज्यादा गर्मी से बचाकर रखें। 
* उनके पिंजरे की नियमित सफाई करें। क्योंकि गंदगी से उन्हें संक्रमण हो सकता है और बीमारियां फैल सकती हैं। उनके दाना चुगने और पानी पीने के बर्तन की नियमित सफाई करें। 
* विभिन्न परिंदों का खाना अलग तरह का होता है। उनकी प्रजाति के अनुसार उनके खाने का इंतजाम करें। बाजरा, हरी पत्तियां, सूरजमुखी के बीज, चावल, दाल, आटा, उनको खाने में जो भी रुचिकर लगे, वह रखें तथा पीने का पानी ताजा दें। 
* उनके साथ संवाद का सिलसिला बनाकर रखें ताकि वह खुश व सक्रिय रहें। परिंदों की कुछ प्रजातियां ऐसी होती हैं जो अकेले रहना पसंद नहीं करतीं। उन्हें जोड़ों में रखें।
* यदि पिंजरे में रखा आपका कोई परिंदा सही ढंग से खा न रहा हो, सुस्त या शांत दिखे या बीमार लगे तो पशु चिकित्सक से सलाह लें। आप स्वयं भी उनके पंखों, चोंच व नाखूनों की समय-समय पर जांच करें और उनके व्यवहार को समझकर उनके अस्वस्थ होने पर गंभीरता से लें। 
* यदि आपके घर में बिल्ली या कुत्ता अथवा कोई बड़ा पालतू जानवर और भी है तो उनसे पक्षियों को बचाकर रखें। 
* गर्मियों में पक्षियों को फलों का जूस या नींबू पानी हफ्ते में तीन दिन दें। 
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#बड़ी ज़िम्मेदारी का काम है घर में पक्षी पालना