रोबोटिक्स टेक्नीशियन बनें भविष्य के सबसे कुशल पेशेवर
आज का औद्योगिक परिदृश्य बहुत तेजी से बदल रहा है। फैक्ट्रियों से लेकर अस्पतालों तक, वेयर हाउसेज से लेकर कृषि फॉर्म्स तक हर जगह रोबोट्स काम कर रहे हैं। स्मार्ट मशीन और ऑटोमेशन अब केवल बड़े उद्योगों तक ही सीमित नहीं रहे बल्कि रोजमर्रा के कामकाज में भी हिस्सा बंटा रहे हैं। इस बदलाव के कारण भविष्य में सबसे ज्यादा जो टेक्नीशियन चाहिए होंगे, वो नि:संदेह रोबोटिक्स टेक्नीशियन होंगे। यही कारण है कि इन दिनों रोबोटिक्स टेक्नीशियन का कॅरियर न सिर्फ वर्तमान के लिए बल्कि भविष्य को ध्यान में रखकर भी बहुत तेजी से उभर रहा है।
आखिर कौन होता है रोबोटिक्स टेक्नीशियन
रोबोटिक्स टेक्नीशियन वह शख्स होता है, जो रोबोटिक टेक्निक में माहिर होता है। यह रोबोटिक मशीनों, ऑटोमेटिक सिस्टम इंस्टॉलेशन और ऑपरेशन मेंटेनेस तथा रिपेयरिंग के काम में दक्ष होता है। कुल मिलाकर यह इंजीनियर नहीं होता बल्कि वह व्यक्ति होता है, जो रोबोट्स को जमीन पर काम करने के लायक बनाये रखता है। जब रोबोट में किसी तरह की गड़बड़ी आ जाती है, तो वह इस गड़बड़ी को दूर करता है यानी जहां इंजीनियर रोबोट्स के डिजाइन बनाता है, वहीं टेक्नीशियन उन्हें काम करने के लायक बनाये रखता है। इसी की बदौलत लगातार रोबोट काम के लायक बने रहते हैं।
तकनीक और व्यवहार का संगम
रोबोटिक्स टेक्नीशियन का काम केवल मशीन ठीक करना नहीं है बल्कि यह एक बहुआयामी जिम्मेदारी है, जिसमें शामिल होता है-
* रोबोटिक सिस्टम का इंस्टॉलेशन
* सेंसर, कंट्रोल सिस्टम और मोर्ट्स की जांच
* खराबी की पहचान करना और उसमें सुधार करना
* प्रोग्रामिंग के बेसिक कमांड को समझना, मशीनों की नियमित सर्विसिंग
वास्तव में आज के समय में रोबोट केवल मैकेनिकल नहीं बल्कि ये सॉफ्टवेयर आधारित भी हैं। इसलिए टेक्नीशियन को इलेक्ट्रॉनिक और बेसिक प्रोग्रामिंग की समझ में भी माहिर होना जरूरी होता है।
रोजगार के अवसर
एक रोबोटिक टेक्नीशियन के लिए लगातार रोज़गार के अवसरों में वृद्धि हो रही है। इन्हें उद्योग के कई क्षेत्रों में एक प्रमुख टेक्नीशियन के रूप में देखा जा सकता है।
* मैन्यूफैक्चरिंग इंडस्ट्री में आज रोबोटिक टेक्नीशियन इसलिए बड़ी संख्या में मौजूद हैं, क्योंकि मैन्यूफैक्चरिंग इंडस्ट्री करीब-करीब ऑटोमेशन में चली गयी है यानी इस इंडस्ट्री को रोबोट ही संभालते हैं।
* सर्जिकल रोबोट्स और मेडिकल उपकरणों के रख-रखाव में भी आज ये बड़ी भूमिका निभाते हैं। इसलिए जहां इनकी मौजूदगी है, वहीं इन पर किसी तरह की कमी होने पर इन्हें दुरुस्त करने के लिए रोबोटिक टेक्नीशियन रखने भी जरूरी होते हैं। इसलिए हेल्थ केयर क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में रोबोटिक्स टेक्नीशियन मौजूद हैं।
* कृषि क्षेत्र में भी ऐसे टेक्नीशियन की जरूरत इसलिए आन पड़ी है, क्योंकि आज व्यवस्थित तरीके से स्मार्ट फार्मिंग ड्रोन और रोबोट्स कर रहे है, न कि इंसान। इसलिए हर समय काम के लायक बनाये रखने के लिए रोबोटिक टेक्नीशियन भी जरूरी हो गये हैं।
कैसे बनें रोबोटिक्स टेक्नीशियन
इस क्षेत्र में प्रवेश के लिए बहुत ज्यादा पढ़ाई ज़रूरी नहीं है, लेकिन तकनीक समझ बहुत ज़रूरी है। 10वीं या 12वीं पास उम्मीदवार भी रोबोटिक टेक्नीशियन बन सकते हैं बशर्ते उन्होंने आईटीआई से इलेक्ट्रीशियन, फिटर और इलेक्ट्रॉनिक का डिप्लोमा किया हुआ हो। इसके अलावा डिप्लोमा इन रोबोटिक्स/मैकट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल वाले भी रोबोटिक्स टेक्नीशियन बन सकते हैं। अगर विशेष कोर्स करना हो तो छह महीने से लेकर एक साल तक का रोबोटिक्स टेक्नीशियन कोर्स उपलब्ध हैं तथा पीएलसी और ऑटोमेशन ट्रेनिंग के जरिये भी रोबोटिक टेक्नीशियन बना जा सकता है। पीएलसी का मतलब होता है प्रोग्रामेबल लॉजिक कंट्रोलर, इसकी ट्रेनिंग लेकर भी रोबोटिक टेक्नीशियन बना जा सकता है। साथ ही इंडस्ट्रियल रोबोटिक टेक्नीशियन सर्टिफिकेशन के जरिये भी इस क्षेत्र में इंट्री मिलती है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर




