UP: उग्र लोगों ने पुलिस की गाड़ी भी फूंकी, नोएडा में वेतन की मांग पर आक्रोश
नोएडा, 13 अप्रैल - उत्तर प्रदेश के नोएडा में सोमवार को कई कंपनियों के कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। वे वेतन वृद्धि की अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पिछले तीन से चार दिनों से जारी यह आंदोलन सोमवार को उग्र और हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव भी किया। इसके अलावा कंपनी में तोड़फोड़ भी की गई है।
गुस्साए कर्मचारियों ने नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में कई प्रमुख सड़कों पर जाम लगा दिया। इससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई और आम लोगों को भारी परेशानी हुई। फेज दो में चल रहे प्रदर्शन ने विशेष रूप से हिंसक रूप ले लिया।
नोएडा के सेक्टर-84 क्षेत्र में चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया, वहीं फेज-2 के विभिन्न इलाकों में कर्मचारियों ने सड़कों को जाम कर अपना विरोध तेज कर दिया। नोएडा के सेक्टर 59, 62, 63 समेत कई इलाकों में प्रदर्शन हुआ। पुलिस भी झड़प हुई।
आक्रोशित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। मदरसन कंपनी के पास क़रीब चार गाड़ियों को किया आग के हवाले किया गया है। इस दौरान वाहनों और निजी संपत्तियों को भी काफी नुकसान पहुंचाया गया। पथराव में पुलिसकर्मी और कमांडों भी घायल हुए हैं। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए यहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

