प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फतेहगढ़ साहिब में दुख जताया

नई दिल्ली, 15 अप्रैल - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फतेहगढ़ साहिब में हुए सड़क हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर कहा कि फतेहगढ़ साहिब जिले में हुए हादसे के बारे में सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।

बैसाखी पर्व पर श्री आनंदपुर साहिब माथा टेक कर लौट रही संगत की बस मंगलवार देर रात फतेहगढ़ साहिब के गांव भटेड़ी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। 25 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। दो गंभीर घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चला है।

बस्सी पठाना तहसील के गांव मैण माजरी की संगत बैसाखी के मौके पर श्री आनंदपुर साहिब गई थी। संगत में गांव डडयाना, माजरा और शेरगढ़ बाड़ा के लोग भी शामिल थे। सभी श्रद्धालु मैण माजरी के गुरुद्वारा साहिब की पालकी वाली बस में सवार होकर देर रात लौट रहे थे। गांव मैण माजरी से करीब 3 किलोमीटर पहले गांव भटेड़ी के पास बस अचानक हादसे का शिकार हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।

#प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी