शांति वार्ता पर ईरान की चुप्पी, अभी भी अमेरिका में ही वेंस, सुबह 5 बजे खत्म हो रही समयसीमा
नई दिल्ली, 21 अप्रैल - अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा दो सप्ताह का संघर्षविराम अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। पाकिस्तान के मुताबिक, यह सीजफायर बुधवार सुबह खत्म होने वाला है, लेकिन शांति की उम्मीदें अब धुंधली पड़ती दिख रही हैं। एक तरफ जहां अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के प्रतिनिधि और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की रवानगी को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। वहीं ईरान ने पाकिस्तान में होने वाली प्रस्तावित शांति वार्ता को लेकर पूरी तरह चुप्पी साध ली है।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया पर साफ किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा संघर्षविराम भारतीय समयनुसार बुधवार सुबह 5:20 बजे समाप्त हो जाएगा। यदि समय सीमा समाप्त होने से पहले कोई ठोस फैसला नहीं हुआ, तो दोनों देशों के बीच फिर से सीधी जंग शुरू हो सकती है। पाकिस्तान का कहना है कि दो सप्ताह के इस सीजफायर के खत्म होने से पहले ईरान का बातचीत की मेज पर आना बेहद जरूरी है।

