बरसात खत्म होते ही कच्छ के रण की धरती जीवंत हो जाती है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली, 26 अप्रैल - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के 133वें संस्करण में कहा, "बरसात खत्म होते ही कच्छ के रण की धरती जीवंत हो जाती है। हर साल लाखों फ्लैमिंगो यहां आते हैं। पूरा इलाका गुलाबी रंग से रंग जाता है, इसलिए इसे फ्लैमिंगो सिटी कहा जाता है। ये पक्षी यहीं घोसलें बनाते हैं और अपने बच्चों को बड़ा करते हैं। कच्छ के लोग इन्हें 'लाखा जी के बाराती' कहते हैं। अब लाखा जी के ये बाराती कच्छ में पर्यावरण संरक्षण के बड़े सुंदर प्रतीक बन गए हैं।"
इस महीने की शुरुआत में फ्रांस में यूरोपीय गर्ल्स गणितीय ओलंपियाड का आयोजन हुआ था। यह दुनिया के सबसे सम्मानित प्रतियोगिताओं में से एक है, इसमें हमारे बेटियों ने अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया। मुझे इस टीम पर बहुत गर्व है, इसमें मुंबई की श्रेया, तिरुवनंतपुरम की संजना, चेन्नई की शिवानी और कोलकाता की श्रीमोयी शामिल थी। इसमें हमारी टीम विश्व में छठे स्थान पर रही। श्रेया ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया, संजना ने सिल्वर तो शिवानी ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।"
हमारे देश में इस समय एक बहुत अहम अभियान चल रहा है, जिसके बारे में हर भारतीय को जानकारी होनी जरूरी है। यह है जनगणना का अभियान, यह दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना है... जनगणना 2027 को डिजिटल बनाया गया है, सारी जानकारी सीथे डिजिटल माध्यम में दर्ज हो रही है। घर-घर जाने वाले कर्मचारियों के पास मोबाइल ऐप है, वे आपसे बात कर उसी में जानकारी दर्ज करेंगे। इस बार जनगणना में आपकी भागीदारी भी आसान बनाई गई है, आप खुद भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, कर्मचारी के आने के 15 दिन पहले आपके लिए सुविधा शुरु होगी।

