सिक्के को छोटा करना

बच्चो! आपने एक रुपया, दो रूपये आदि के सिक्के अवश्य देखे होंगे। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि एक सिक्का, जिसका आकार एकदम फिक्स होता है, उसे छोटा भी किया जा सकता है। हालांकि यह तरीका जादू सा प्रतीत होता है, लेकिन यह साइंस है और आज मैं आपको इसके बारे में ही बताने जा रही हूं। 
इस प्रयोग के लिए हमें दो सिक्के चाहिए होंगे, एक एक रूपये वाला और दूसरा दो रूपये वाला। ध्यान रहे कि एक रूपये वाला सिक्का दो रूपये वाले सिक्के से आकार में छोटा हो। इनके अतिरिक्त हमें एक कागज़ की ज़रूरत होगी जो लम्बाई व चौड़ाई में 10-10 सेंटीमीटर का हो। पेंसिल व कैंची भी चाहिए होंगी।
* अब छोटे सिक्के को कागज़ के बीच में रखकर पेंसिल से उसके आकार को ट्रेस कर लें।
* गोल घेरे को कैंची से काट लें कि कागज़ के केन्द्र में एक छेद हो जाये। 
* अपने दोस्तों व परिजनों को दिखाएं कि उस छेद से छोटा सिक्का आसानी से निकल जाता है।
* इसके बाद अपने दर्शकों को चुनौती दें कि उसी छेद से बड़े सिक्के को निकालकर दिखाएं- कागज़ को बिना फाड़े या किसी भी तरह उसे बदलकर। उन्हें इस प्रॉब्लम को हल करने के लिए कुछ समय दें। अच्छा आईडिया यह रहेगा कि हर व्यक्ति के पास अपना सिक्का व बीच में छेद वाला कागज़ हो। 
* जब हर कोई हार मान जाये तो दिखाएं कि यह ‘जादू’ वास्तव में कैसे किया जा सकता है।
कागज़ को लें और उसे आधे में मोड़ दें। कागज़ को इस तरह से पकड़ें कि मोड़ नीचे की तरफ हो। बड़े सिक्के को कागज़ की साइड में से उसके केंद्र में डाल दें जहां छेद है। 
जिस जगह कागज़ को मोड़ा है वहां मोड़ के पास से कागज़ को उंगली व अंगूठे के बीच में पकड़ लें। अपनी उंगलियों को सिक्के के इर्दगिर्द ऊपर की तरफ स्लाइड करें। कागज़ को सिक्के के इर्दगिर्द बकल (बकसुआ) होने दें- आपको हर समय उसे टाइट नहीं रखना है।
सिक्का छेद से बाहर आ जायेगा! लेकिन यहां एक बात ध्यान रखें- हर प्रयोग के लिए हर बार कागज़ की नई शीट का इस्तेमाल करें क्योंकि आप जो कागज़ को मोड़ेंगे, उसके निशान से उन्हें हिंट मिल जायेगा। 
ऐसा क्यों हुआ? दरअसल, फ्लैट कागज़ को मोड़ने से 2 डी छेद कागज़ के निचले तरफ 3 डी छेद में बदल गया और बड़ा सिक्का उससे ऐसे बाहर निकल गया जैसे उसे छोटा कर दिया हो। मोड़ छेद को फाड़ता नहीं बल्कि उसे चौड़ा कर देता है और बड़ा सिक्का उससे ऐसे निकल जाता है जैसे उसे छोटा कर दिया गया हो। क्या आपको मालूम है कि 3 डी (डायमेंशन), जिसके बारे में हम जानते हैं, उससे भी ज्यादा डायमेंशन हैं? समय को अक्सर चौथे डायमेंशन के रूप में देखा जाता है। 
 -इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#सिक्के को छोटा करना