बच्चों में तनाव को पहचानिये

ज़िन्दगी की तेज रफ्तार ने बड़ों में तो तनाव बढ़ा ही दिया है लेकिन दु:ख और हैरत की बात यह है कि बच्चों में भी तनाव होता है और इसी कारण से और कई बीमारियां उत्पन्न हो रही हैं। यह समस्या शहरी बच्चों में अधिक पाई जाती है।
अक्सर मां-बाप, सगे संबंधी और उनके निकटतम दोस्त भी यह नहीं पहचान सकते कि बच्चे को क्या शिकायत है। खुद मां-बाप भी नहीं जान पाते कि उनके बच्चे क्यों तनावग्रस्त हैं और क्यों वे किसी भी बात में रूचि नहीं ले रहे, न तो पढ़ाई में, न खेलकूद में और न ही पहनावे में या घूमने-फिरने में। 
तो आप कैसे पहचानेंगे कि आपका बच्चा तनाव का शिकार है या नहीं। आइये हम आपको कुछ लक्षण बताते हैं जिनसे आप पहचान सकते हैं कि शायद आपका बच्चा तनाव से घिरा है और उसे आपकी हमदर्दी और सहायता और शायद डाक्टर की सलाह की भी ज़रूरत है। 
कभी-कभी बच्चों की उदासी और अकेलापन पहचाना जाता है तो आपको यह ध्यान में रखना है कि ज़रूरी नहीं कि आप हर रूठने को या जिद्द को तनाव समझें लेकिन कुछ लक्षण हैं जिनका ध्यान रखना चाहिये। हम आपको कुछ ऐसे लक्षण बताते हैं।
खेलकूद में रूचि न लेना : जिन बच्चों को तनाव है, वे कहते हैं कि उन्हें कोई खेल पसंद नहीं, न कोई दोस्त पसंद है। वे अकेले ही बैठना पसंद करते हैं।
खुद अपने आप को नीचा दिखाना : जब बच्चे स्वयं ही अपनी निंदा करें और कहें हम तो हैं ही ऐसे और जानबूझ कर सबके सामने ज्यादा बुरा व्यवहार करें। पढ़ाई में रूचि न लेना : जैसा कि आशीष के साथ हुआ। अचानक स्कूल से नफरत और पढ़ाई में कम नंबर लाना।
असामाजिक व्यवहार : जब बच्चे अपने कमरे में ही रहते हैं। रिश्तेदार या दोस्तों के आने पर वे मिलते-जुलते नहीं और किसी के पास नहीं बैठते। गुमसुम रहते हैं। न टीवी देखते हैं, न गाना सुनते हैं। बस अपने आप में ही मगन रहने लगें तो थोड़ा ध्यान दीजिये।
कभी-कभी काफी बड़े बच्चे, जो अपने खेलकूद तथा अपने दोस्तों में मग्न रहते हों, वे अचानक मां-बाप के पीछे-पीछे घूमने लगें या उनके कहीं आने-जाने से ज्यादा घबरायें या चिढ़ जाएं। तब भी आपको थोड़ा ध्यान रखना चाहिये। बच्चों में तनाव ज़रूर बढ़ता जा रहा है लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि थोड़ी-सी जिद्द या गलत व्यवहार को आप तनाव समझ कर हैरत में पड़ जाएं और यह भी ध्यान में रखें कि लगातार गलत व्यवहार को छुपानाए न पहचानना या उसके प्रति लापरवाही बरतना भी ठीक नहीं। बेहतर यह है कि आप डाक्टर की सलाह लें। (उर्वशी)

#बच्चों में तनाव को पहचानिये