सोमनाथ में हर कोने में भक्ति का अनुभव किया जा सकता है: पीएम मोदी
गिर सोमनाथ, गुजरात , 11 मई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर कहा, सोमनाथ में हर कोने में भक्ति का अनुभव किया जा सकता है। पुनर्निर्मित मंदिर के श्रद्धालुओं के लिए द्वार खुलने के 75 वर्ष पूरे होने पर अनगिनत लोग एक साथ जुटे हैं। वह दिन भारत की सभ्यतागत यात्रा में वास्तव में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर था।
सुखद अनुभव दे रही आज की यात्रा
उन्होंने कहा, दादा सोमनाथ के अनन्य भक्त के रूप में मैं कितनी बार यहां आया हूं, कितनी ही बार उनके सामने नतमस्तक हुआ हूं। लेकिन आज जब मैं यहां आ रहा था, तो समय की ये यात्रा एक सुखद अनुभूति दे रही थी।
प्रथम विध्वंस के 1,000 वर्ष बाद भी सोमनाथ के अविनाशी होने का गर्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, अभी कुछ ही महीने पहले मैं यहां आया था, तब हम सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मना रहे थे। प्रथम विध्वंस के 1,000 वर्ष बाद भी सोमनाथ के अविनाशी होने का गर्व और आज इस आधुनिक स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा के 75 वर्ष, हम केवल दो आयोजनों का हिस्सा भर नहीं बनें, हमें हजार वर्षों की अमृत यात्रा को अनुभव करने का शिवजी ने मौका दिया है।
सोमनाथ की प्राण प्रतिष्ठा ने भारत की स्वतंत्र चेतना का उद्घोष किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 75 साल पहले आज के ही दिन सोमनाथ मंदिर की पुनर्स्थापना... ये कोई साधारण अवसर नहीं था। अगर 1947 में भारत आजाद हुआ था तो, 1951 में सोमनाथ की प्राण प्रतिष्ठा ने भारत की स्वतंत्र चेतना का उद्घोष किया था।
सोमनाथ का अमृत महोत्सव अगले एक हजार वर्षों के लिए भारत की प्रेरणा का महोत्सव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मैं यहां देख रहा हूं कि सोमनाथ का अमृत महोत्सव केवल अतीत का उत्सव नहीं है। ये अगले एक हजार वर्षों के लिए भारत की प्रेरणा का महोत्सव भी है।
आज के ही दिन देश ने पोखरण में परमाणु परीक्षण किया गया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आज का दिन एक और वजह से भी विशेष है। 11 मई, 1998 यानी आज के ही दिन देश ने पोखरण में परमाणु परीक्षण किया था। देश ने 11 मई को पहले 3 परमाणु परीक्षण किए। हमारे वैज्ञानिकों ने भारत के सामर्थ्य को, भारत की क्षमता को दुनिया के सामने रखा। दुनिया में तूफान आ गया कि भारत कौन होता है, उसकी ये हैसियत, जो परमाणु परीक्षण करें।

