सोमनाथ मंदिर पहुंचे पीएम मोदी की पूजा अर्चना
अहमदाबाद , 11 मई: गिर सोमनाथ में रोड शो करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने रुद्राभिषेक और पूजा अर्चना की।
रोड शो करने के बाद सोमनाथ मंदिर पहुंचे पीएम मोदी, रुद्राभिषेक किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमनाथ अमृत महोत्सव में भाग लेंगे। यह महोत्सव सोमनाथ मंदिर के प्रांगण में आयोजित होगा। इसके बाद वह वडोदरा के लिए रवाना होंगे, जहां वह शाम छह बजे सरदारधाम छात्रावास का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री दोनों अवसरों पर जनसभाओं को संबोधित भी करेंगे।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की सनातन ऊर्जा का उत्सव: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि सोमनाथ मंदिर के जीर्णोंद्धार के आज 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। सोमनाथ मंदिर भारत की आध्यात्मिक चेतना और आस्था का प्रबल प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज हमारा देश सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मना रहा है, जो भारत की सनातन ऊर्जा का उत्सव है। यह भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना को और अधिक जागृत व समृद्ध करने के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है, जिससे भारत की भावी पीढ़ियां भी प्रेरणा प्राप्त कर सकेंगी।
सोमनाथ भारत की उसी अपराजेय चेतना का प्रतीक: शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि आज का दिन भारत की सांस्कृतिक चेतना, आस्था और आत्मगौरव का एक ऐतिहासिक क्षण है। पीएम मोदी सोमनाथ धाम पहुंच रहे हैं, जहां पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के लोकार्पण की 75वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। यह केवल एक मंदिर का उत्सव नहीं बल्कि उस अमर सभ्यता का उत्सव है, जिसने अनेकों आक्रमणों, संघर्षों और विध्वंस के बाद भी अपनी आस्था, संस्कृति और आत्मबल को अक्षुण्ण बनाए रखा। सोमनाथ भारत की उसी अपराजेय चेतना का प्रतीक है, जो हर बार नए तेज और नए संकल्प के साथ उठ खड़ी होती है।
उन्होंने कहा कि सोमनाथ का इतिहास हमें बताता है कि राष्ट्र केवल सीमाओं से नहीं बल्कि साझा संस्कारों, श्रद्धा और एकात्म भाव से जीवित रहता है। सरदार पटेल के संकल्प, डॉ. राजेंद्र प्रसाद के प्रेरणादायी संदेश और असंख्य वीरों व भक्तों के त्याग से पुनर्जीवित हुआ यह धाम आज विकास और विरासत भी के मंत्र का दिव्य प्रतीक बन चुका है। प्रभास तट से उठती लहरें आज भी यही संदेश देती हैं कि भारत की आत्मा सनातन है, अविनाशी है और सदैव विश्व का मार्गदर्शन करती रहेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी आज सोमनाथ मंदिर में 'सोमनाथ अमृत महोत्सव' में शामिल होंगे।
'ध्वजारोहण' सेरेमनी पूरी हुईं
गिर सोमनाथ, गुजरात: सोमनाथ अमृत महोत्सव के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'स्पेशल महा पूजा' में हिस्सा लिया। इसके बाद, 'कुंभभिषेक' और 'ध्वजारोहण' सेरेमनी पूरी हुईं, जो मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा और झंडा फहराने की रस्मों का प्रतीक हैं।सोमनाथ अमृत महोत्सव मंदिर के दोबारा बनने के बाद इसके उद्घाटन की 75वीं सालगिरह के मौके पर मनाया जा रहा है।

