यमुनानगर में सुबह की सैर पर निकले किसान की गोली मारकर ह,त्या
यमुनानगर, 11 मई यमुनानगर के गांव बाल छप्पर में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब खेतों की तरफ सैर करने निकले एक किसान की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सतनाम सिंह के रूप में हुई है, जो खेतीबाड़ी का काम करता था। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार सतनाम सिंह रोजाना की तरह सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे गांव के पास खेतों की ओर टहलने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही सतनाम सिंह मौके पर ही गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

