दिनदहाड़े घर में घुसे पांच बदमाश, गनपॉइंट पर महिला से लूटपाट
ज़ीरकपुर, 3 जून (अली):बलटाना इलाके में क्राइम का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार दोपहर करीब 3:15 बजे पांच बदमाश दिनदहाड़े आनंद विहार कॉलोनी के एक घर में घुसे और गनपॉइंट पर लूटपाट की। बदमाशों ने घर में मौजूद महिला के साथ मारपीट की, उसके कान के कुंडल छीन लिए और कैश लेकर फरार हो गए।
ये आरोप घर में मौजूद पुष्मा और उसकी बहू रवीना ने लगाए हैं। पुष्मा ने बताया कि घटना के समय वह, उसकी बहू रवीना और दो पोतियां घर के ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद थीं। इस दौरान दो युवक गन लेकर घर में घुसे, जबकि उनके तीन साथी बाहर निगरानी कर रहे थे।
घर में घुसते ही बदमाशों ने 10,000 रुपये मांगे। विरोध करने पर एक आरोपी ने रवीना को बेड पर धक्का दे दिया और उसके सीने पर पैर रखकर उसके कान के कुंडल छीन लिए। रवीना चिल्लाई तो आरोपियों ने पिस्तौल के बट से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे करीब 7,000 रुपये कैश और बच्चों की चांदी की पायलें लूट लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी पास की एक पतली गली से भाग निकले। घर के पास एक दुकान के CCTV कैमरे में तीन युवक दिखे हैं। फिलहाल बलटाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है कि यह मामला पुरानी रंजिश का है या लूटपाट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया गया है।

