Maharashtra: 'भारत में लागू हो कुरान के कानून, तो दिक्कत नहीं', NCP विधायक के बयान पर हुआ हंगामा 

मुंबई, 25 जून - महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में समान नागरिक संहिता (UCC), बहुविवाह और मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों को लेकर तीखी बहस देखने को मिली। इस मुद्दे पर भाजपा विधायक देवयानी फरांदे, समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी और NCP विधायक सना मलिक ने अपनी अलग-अलग राय रखी। इस चर्चा के दौरान सना मलिक के एक बयान पर विधानसभा में भारी बवाल हो गया, जिस पर अब उन्होंने अपनी सफाई दी है।
इस विवाद की शुरुआत मंगलवार को हुई जब नासिक से भाजपा विधायक देवयानी फरांदे ने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने तर्क दिया कि बहुविवाह और तीन तलाक से पीड़ित महिलाओं को सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए यह कानून बहुत जरूरी है। फरांदे ने नासिक के उन मामलों का जिक्र किया जहां महिलाओं को उनके पतियों ने तीन तलाक के लिए मजबूर किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने इन मामलों में कार्रवाई तो की है, लेकिन महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा और बच्चों की शिक्षा के लिए ठोस कानून की जरूरत है। फरांदे ने कहा कि गोवा, असम और उत्तराखंड की तरह महाराष्ट्र को भी यूसीसी की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि देश किसी की निजी राय से नहीं बल्कि संविधान से चलता है। सरकार ने भी इस पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए एक कमेटी बनाने का संकेत दिया है।

#Maharashtra
# भारत