कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर
नई दिल्ली, 28 जून - देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर बना हुआ है, तो दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 19 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस सप्ताह पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 27 से 29 जून के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तथा 28 जून को असम और मेघालय के कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक हीटवेव से लेकर भीषण हीटवेव जैसी स्थिति बने रहने की आशंका है।

