चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में इमारत ढही, राहत-बचाव अभियान जारी
चंडीगढ़, 4 जुलाई- चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में शनिवार को एक इमारत अचानक ढह गई। हादसे के बाद कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहत एवं बचाव टीमों ने अब तक एक व्यक्ति को सुरक्षित मलबे से बाहर निकाल लिया है। वहीं, अन्य लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही इंडस्ट्रियल एरिया थाना और सेक्टर-31 थाना पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग कर रही है। अन्य बचाव एजेंसियां भी मौके पर मौजूद हैं।
फिलहाल इमारत गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन का कहना है कि राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।

