यमुनानगर में सांप के डसने से 20 वर्षीय युवती की मौ.त, परिवार में मातम
यमुनानगर, 12 जुलाई (कुलदीप सैनी)- हरियाणा के यमुनानगर स्थित महाशक्ति कॉलोनी में सांप के डसने से एक 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान शबनम के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शबनम रात के समय घर में घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान उसे सांप ने डस लिया। परिजनों ने उसकी तबीयत बिगड़ते ही उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर वन्यजीव विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घर में चूहों की संख्या अधिक होने के कारण एक दिन पहले चूहे मारने की दवा डाली गई थी। आशंका है कि इसी वजह से सांप घर के अंदर पहुंच गया।
वन्यजीव विभाग ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा कि घरों के आसपास साफ-सफाई रखें, झाड़ियों की नियमित सफाई कराएं और यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाएं।
बताया जा रहा है कि मृतका का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। इस दुखद घटना के बाद परिवार पर गहरा दुख छा गया है।

