दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीन शूटर गिरफ्तार, टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम

नई दिल्ली, 12 जुलाई - दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे थे और उन्हें विदेश में बैठे नेटवर्क के जरिए निर्देश मिल रहे थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी दिल्ली में कई आपराधिक मामलों में वांछित थे और पहले भी टारगेट फायरिंग जैसी वारदातों में शामिल रह चुके हैं। पूछताछ के दौरान गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह लॉरेंस बिश्नोई-हैरी बॉक्सर गैंग से जुड़े दो कथित शूटर हरियाणा के बहादुरगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में मारे गए दोनों आरोपियों की पहचान प्रवेश और हिमांशु के रूप में हुई थी।

दोनों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वे 11 जून को हिसार के हांसी में जिम ट्रेनर कपिल की हत्या के मामले में वांछित थे। यह हत्या सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी।

लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध नेटवर्क और उसके कथित अंतरराष्ट्रीय संबंधों को लेकर जांच लगातार तेज की जा रही है।

 
#दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीन शूटर गिरफ्तार
# टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम