जम्मू-कश्मीर में बारिश का कहर, हर ओर तबाही की तस्वीर: बाढ़-भूस्खलन से 11 की मौत

जम्मू कश्मीर, 19 जुलाई - जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने रविवार को भारी तबाही मचा दी। पुंछ और राजोरी जिले सबसे ज्यादा प्रभावित रहे, जहां अचानक आई बाढ़, भूस्खलन और मकान ढहने की घटनाओं में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग लापता बताए जा रहे हैं। सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मौसम विभाग की ओर से 23 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने एहतियातन अमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी यात्रा और शिवखोड़ी यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है।

सबसे अधिक नुकसान पुंछ जिले के सुरनकोट और हवेली क्षेत्र में हुआ। सुरनकोट के लोअर मुर्रा गांव में भारी बारिश के बाद भूस्खलन से एक मकान मलबे में दब गया। हादसे में दो लोगों के शव बरामद हुए हैं, जबकि छह अन्य, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं, अब भी लापता हैं। राहत एवं बचाव दल लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं।
नूनाबांडी गांव में एक मकान गिरने से 28 वर्षीय नाजिया कौसर की मौत हो गई, जबकि उनके पति और तीन छोटे बच्चे घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 

 
#जम्मू-कश्मीर
# बारिश