63 साल की उम्र में हरियाणा की महिला ने 10वीं पास कर सरपंच बनने के सपने को दी नई उड़ान
नई दिल्ली, 19 जुलाई- हरियाणा के रेवाड़ी जिले के भड़ंगी गांव की 63 वर्षीय सुशीला देवी ने NIOS की 10वीं कक्षा की परीक्षा 79.6% अंकों के साथ उत्तीर्ण कर एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है।
सुशीला देवी ने बताया कि यह सफलता उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने और सरपंच बनने के अपने सपने के और करीब ले आई है। उन्होंने कहा कि 10वीं पास करना केवल एक प्रमाणपत्र हासिल करना नहीं, बल्कि पंचायत चुनाव लड़ने और अपने जीवन के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में पहला बड़ा कदम है।
जब अधिकांश लोग इस उम्र में पढ़ाई से दूर हो जाते हैं, तब सुशीला देवी ने यह साबित किया कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती।
अब उनका लक्ष्य आगे की पढ़ाई पूरी करना और भविष्य में पंचायत चुनाव लड़कर सरपंच बनना है। उनकी कहानी यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और परिवार के सहयोग से किसी भी उम्र में सपनों को साकार किया जा सकता है।

