'संसद चलो' मार्च में शामिल होने के लिए सोनम वांगचुक ने मांगी अस्पताल से छुट्टी
नई दिल्ली, 20 जुलाई- सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपनी स्वास्थ्य स्थिति स्थिर बताते हुए सफदरजंग अस्पताल के अधिकारियों से छुट्टी देने की अपील की है, ताकि वह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और अन्य कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में आयोजित 'संसद चलो' मार्च में शामिल हो सकें।
गौरतलब है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे वांगचुक को 18 जुलाई को उनके अनशन के 21वें दिन तबीयत बिगड़ने के बाद सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर साझा किए गए एक नोट में वांगचुक ने कहा कि वह अब बेहतर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से अनुरोध किया कि उन्हें, यदि संभव हो तो अस्थायी रूप से ही सही, अस्पताल से बाहर जाकर 'संसद चलो' मार्च में शामिल होने की अनुमति दी जाए।

