कचरे का सही निपटान पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद ज़रूरी - प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली, 26 जुलाई - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें एपिसोड में पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि 'वेस्ट टू वेल्थ' का एक प्रेरणादायक उदाहरण बिहार के सीतामढ़ी में देखने को मिला है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि सीतामढ़ी में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक कचरे को रिसाइकिल कर आकर्षक और मजबूत बेंच तैयार किए जा रहे हैं। एक बेंच बनाने में लगभग 40 किलोग्राम सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग होता है। इन बेंचों को सरकारी स्कूलों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाया जा रहा है, जिससे न केवल प्लास्टिक कचरे का बेहतर उपयोग हो रहा है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज प्लास्टिक प्रदूषण पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी पर्यावरणीय चुनौती बन चुका है। सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का कचरा वर्षों तक प्रकृति को नुकसान पहुंचाता है, इसलिए इसका सही निपटान और पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) अत्यंत आवश्यक है।"

उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक के जिम्मेदार उपयोग और उसके उचित निपटान में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।

 
#कचरे का सही निपटान पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद ज़रूरी - प्रधानमंत्री मोदी