आईएसआई और बब्बर खालसा के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 1.3 किलो विस्फोटक के साथ आईईडी बरामद
जालंधर, 26 जुलाई (जतिंदर पम्मी)- काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने जालंधर देहात पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संरक्षण में विदेश में बैठे हैंडलरों द्वारा संचालित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जालंधर के एक प्रमुख सहयोगी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.3 किलोग्राम उच्च क्षमता वाले विस्फोटक से तैयार एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किया है। इस आईईडी में श्रैपनेल और लोहे की गोलियां भी भरी गई थीं, जिससे स्पष्ट होता है कि बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचाने और प्रदेश में कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की साजिश रची जा रही थी।
पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा आतंकी हमला टल गया और कई निर्दोष लोगों की जान बच गई। इस संबंध में थाना पतारा (जालंधर देहात) में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस विदेशी हैंडलरों, स्थानीय सहयोगियों और इस आतंकी साजिश से जुड़े सभी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि राज्य में आतंकी नेटवर्क और संगठित अपराध का पूरी तरह सफाया कर प्रदेश में शांति, सुरक्षा और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पंजाब पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

