आज पंजाब में कानून-व्यवस्था बेहाल है- PM मोदी
जालंधर, 17 जुलाई - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, " पंजाब में आज क्या हो रहा है, ये किसी से छिपा नहीं है यहां विज्ञापनों के दम पर विश्वासघात की तस्वीर छिपाई जा रही है। आज पंजाब में कानून-व्यवस्था बेहाल है। कब कहां गैंगवार हो जाए, किस दिशा से गोलियां चलने लगें, कोई कह नहीं सकता। यहां व्यापार-कारोबार करना मुश्किल हो गया है। सरेआम लोगों से फिरौती मांगी जा रही है। पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं है, आए दिन थानों पर अटैक होते हैं और सबसे दुखद तो ये है कि पंजाब का भविष्य भी बर्बाद किया जा रहा है नशे के सौदागर खुलेआम घूम रहे हैं, पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल में धकेला जा रहा है।
आज यहां जो लोग पंजाब की सत्ता में बैठे हैं वे लोग बड़े घमंड के साथ दावा करते थे कि वे देश की राजनीति बदल देंगे। लेकिन आज देश इनकी सच्चाई देख रहा है। 2-3 दिन पहले ही दिल्ली की एक अदालत ने उनके एक नेता को दोषी ठहराया है। उन पर दंगे भड़काने और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एक अधिकारी की हत्या का आरोप है, और इनकी बेशर्मी तो देखिए। वे अदालत के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं और उसे धर्म और आस्था के नज़रिए से देख रहे हैं, सिर्फ़ इसलिए क्योंकि उनका वोट बैंक दांव पर लगा है।

