जीवन को सफल और खुशहाल बनाती है सकारात्मक सोच
सकारात्मक सोच सिर्फ एक अस्थायी सोच नहीं है, बल्कि जीवन को खुशहाल और सार्थक तरीके से जीने की एक अद्भुत कला है। यह मनुष्य की वह उच्च मानसिक स्थिति है, जो अंधेरे से कठिन परिस्थिति में भी आशा की एक किरण देखने की क्षमता रखती है। आज के भागदौड़ भरे, प्रतिस्पर्धी और तनावपूर्ण जीवन में, जहां चारों ओर नकारात्मकता हावी हो जाती है, वहां सकारात्मक सोच का महत्व कहीं अधिक बढ़ जाता है। हमेशा सकारात्मक रहने की कला हमें जीवन में समस्याओं का साहस के साथ सामना करने और निराशा में आशा की नई राह तलाशने की प्रेरणा देती है। दरअसलए हमारे विचार ही हमारे व्यक्तित्व, हमारे चरित्र और हमारे भविष्य का निर्माण करते हैं।
यदि हम इस मानसिक उद्यान में नकारात्मकता, ईर्ष्या, घृणा, भय और अनावश्यक चिंता के बीज बोएंगे तो हमारा जीवन बाधाओं, कष्टों और असफलताओं से भर जाएगा। दूसरी ओर यदि हम मस्तिष्क और मन को सकारात्मकता, प्रेम, उत्साह, करुणा और अटूट विश्वास के विचारों से भर देते हैं तो हमारा जीवन सफलता और खुशी से भर जाता है। वैज्ञानिक शोधों से भी यह बात साबित हो चुकी है कि हमारे विचारों का सीधा असर हमारे मस्तिष्क की कार्यप्रणाली और हमारे शरीर के हार्मोन पर पड़ता है। इसलिए अपने भीतर चल रहे विचारों के प्रति जागरूक रहना इस कला का पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम है।
मानसिक सेहत के साथ-साथ सकारात्मक सोच हमारे शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी संजीवनी बूटी की तरह काम करती है। जब हम अच्छा और सकारात्मक सोचते हैं, तो हमारा मस्तिष्क ‘एंडोर्फिन’, ‘डोपामाइन’ और ‘सेरोटोनिन’ जैसे हैप्पी हार्मोन पैदा करता है, जो हमारी प्रतिरक्षा को बढ़ावा देते हैं और हमें तनाव मुक्त रखते हैं। इसके विपरीत, लगातार चिंता, क्रोध और नकारात्मकता शरीर में ‘कोर्टिसोल’ जैसे तनाव हार्मोन को बढ़ाती है, जो उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, अनिद्रा और अवसाद जैसी गंभीर बीमारियों को आमंत्रित करती है। सकारात्मक सोच वाले व्यक्ति में बीमारियों से लड़ने की आंतरिक शक्ति अधिक होती है और वह अपनी मानसिक दृढ़ता से बड़े से बड़े शारीरिक कष्ट को भी मात देने में सक्षम होता है।
जीवन में उतार-चढ़ाव प्रकृति का अपरिहार्य नियम है, लेकिन सकारात्मक सोच हमें असफलताओं को एक अलग नज़रिये से देखना सिखाती है। नकारात्मक मानसिकता वाला व्यक्ति विफल होने के बाद हाथ खड़े करके बैठ जाएगा और अपने भाग्य या परिस्थितियों को कोसने लगेगा। सकारात्मक सोच वाला व्यक्ति अपनी गलतियों से सीखता है, अपनी रणनीति को निखारता है और नए उत्साह के साथ फिर से मैदान में उतरता है। हर कठिन समय को अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर बनाता है।
सकारात्मक सोच का एक बड़ा लाभ यह है कि यह व्यक्ति में अटूट आत्मविश्वास पैदा करती है। जब हम अपनी कमियों पर विलाप करने की बजाय अपनी ताकत, कौशल और क्षमताओं पर ध्यान केंद्रित करते हैं, तो हमारा आत्मविश्वास मज़बूत होता है जो हमें जीवन में बड़े निर्णय लेने और नए जोखिम लेने का साहस देता है। जब हमारा मन व्यर्थ की चिंताओं, अतीत के पछतावे और भविष्य के भय से मुक्त हो जाता है तो हमारी एकाग्रता और रचनात्मकता बढ़ जाती है।
हमारे पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों की मज़बूती इस बात पर भी निर्भर करती है कि हम कैसा सोचते हैं। सकारात्मक विचारक दूसरों में गलतियां खोजने की बजाय उनके गुणों को देखते हैं। नकारात्मक मानसिकता वाला व्यक्ति हर छोटी-छोटी बात में संदेह, गुस्सा, दुख और गलतफहमियां पैदा कर लेता है, जिससे खुशहाल परिवार और अच्छे रिश्ते भी टूटने की कगार पर आ जाते हैं। सकारात्मक लोगों के आसपास इतनी सकारात्मक ऊर्जा होती है कि हर कोई उनकी संगति में रहना और उनके साथ समय व्यतीत करना पसंद करता है।
आज के डिजिटल और सोशल मीडिया युग में जहां नकारात्मक समाचार और निराशावाद आम बात है, वहीं सचेत रूप से प्रेरणादायक साहित्य पढ़ना महत्वपूर्ण हो गया है। जिस प्रकार शरीर को फिट रखने के लिए दैनिक व्यायाम की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार मन और सोच को सकारात्मक बनाए रखने के लिए अच्छे विचारों की दैनिक खुराक की आवश्यकता होती है। इस प्रकार यह कला मानव जीवन को सुखी एवं सार्थक बनाती है।
-मो. 62831-16797

