भारी बारिश से अमरनाथ यात्रा प्रभावित, बालटाल मार्ग पर यात्रा रोकी गई


 जम्मू 31 जुलाई जम्मू-कश्मीर में मौसम विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी ऑरेंज अलर्ट के बीच लगातार हो रही बारिश का असर श्री अमरनाथ यात्रा पर भी देखने को मिला। सुबह से ही बालटाल मार्ग पर लगातार बारिश होने के कारण पवित्र अमरनाथ गुफा और उसके आसपास फ्लैश फ्लड जैसे हालात बन गए, जिससे यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन बालटाल मार्ग से अमरनाथ यात्रा को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम की स्थिति सामान्य होने तक किसी भी श्रद्धालु को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पहलगाम मार्ग पहले से ही पिछले लगभग दो सप्ताह से बंद है। ऐसे में अब बालटाल मार्ग पर भी यात्रा रोक दिए जाने के कारण अमरनाथ यात्रा पूरी तरह प्रभावित हो गई है।प्रशासन ने सभी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि जो श्रद्धालु जहां हैं, वहीं सुरक्षित स्थानों पर ठहरें और प्रशासन तथा सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें। मौसम में सुधार और मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।

#अमरनाथ यात्रा