उद्धव ठाकरे का PM पर निशाना: बोले- युवाओं से मिलने का समय नहीं, गद्दारों से मुलाकात के लिए वक्त

मुंबई, 8 अगस्त - शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने अपनी पार्टी छोड़कर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए सांसदों से प्रधानमंत्री की मुलाकात को लेकर सवाल उठाए। 

ठाकरे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के पास प्रदर्शन कर रहे युवाओं से मिलने का समय नहीं है, लेकिन 'गद्दारों' से मुलाकात के लिए वक्त है। एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राजग के घटक दलों के सांसदों के साथ नाश्ते पर बैठक की थी। इसके बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनकी पार्टी के छह नवनिर्वाचित सांसदों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की।
मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ठाकरे ने सवाल किया कि क्या मोदी और शिवसेना (यूबीटी) छोड़ने वाले छह सांसदों के बीच हुई मुलाकात का मकसद सुप्रीम कोर्ट को 'डराना' था। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में यह मुलाकात हुई है, जब ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी की उस याचिका पर सुनवाई चल रही है, जिसमें निर्वाचन आयोग के शिंदे गुट को 'असली शिवसेना' मानने के फैसले को चुनौती दी गई है।

#उद्धव ठाकरे