JPSC-JSSC Protest: छात्रों के समर्थन में BJP का बड़ा एलान, 11 अगस्त को रांची बंद का आह्वान

रांची, 10 अगस्त - JPSC-JSSC Protest: झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में भाजपा ने रांची बंद का आह्वान किया है। भाजपा की ओर से मंगलवार यानी 11 अगस्त को रांची बंद बुलाया गया है। गौरतलब है कि झारखंड में पिछले दो सप्ताह से अधिक समय से छात्र भर्ती परीक्षाओं में धांधली के आरोपों, परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं।
छात्रों के आंदोलन के बीच भाजपा ने उनके समर्थन में 11 अगस्त को रांची बंद का आह्वान किया है। पार्टी का कहना है कि वह छात्रों की मांगों और उनके आंदोलन के समर्थन में खड़ी है। बंद के ऐलान के बाद राजधानी में राजनीतिक गतिविधियां और छात्र आंदोलन दोनों के और तेज होने के आसार हैं।
झारखंड भाजपा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'यह बंद झारखंड के युवाओं के हक, अधिकार और न्याय की लड़ाई है। सरकार याद रखे की लाठियों से आवाज दबाई जा सकती है, युवाओं का आक्रोश नहीं!'
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत हजारों की संख्या में राज्यभर से पहुंचे परीक्षार्थियों ने पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा परिसर की ओर मार्च किया। हाथों में तिरंगा लिए छात्रों ने सुरक्षा घेरों को तोड़ते हुए नई विधानसभा के पास अंतिम बैरिकेडिंग तक पहुंचने की कोशिश की।

 
#JPSC-JSSC