Himachal Weather: मानसून की बारिश से दुश्वारियां जारी
शिमला, 16 अगस्त - हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश से दुश्वारियां लगातार जारी हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की शनिवार शाम 6:00 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार भूस्खलन से राज्य में 103 सड़कें बाधित थीं। वहीं 221 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं। सबसे ज्यादा सड़कें कुल्लू व मंडी जिले में बंद हैं। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य के छह जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कई भागों में 21 अगस्त तक बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान है। राज्य में ज्यादातर जगहों पर 17 व 18 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दाैरान कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट है। सप्ताह के बाकी दिनों में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 17 अगस्त को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी व सिरमाैर जिले के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि 18 अगस्त को मंडी, कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर व ऊना जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट है। किन्नाैर को छोड़कर अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट है। वहीं अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।

