मामूली झगड़े के बाद युवक की गोली मारकर हत्या

लुधियाना, 18 अगस्त (परमिंदर सिंह आहूजा)- थाना कोतवाली के अंतर्गत आने वाले इलाके लोकल बस स्टैंड के पास बीती आधी रात मामूली झगड़े के बाद कार सवारों द्वारा एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई जा रही है।

सोनू जन्मदिन की पार्टी करके घर वापस लौट रहा था। जब वह लोकल बस स्टैंड के पास पहुंचा तो मामूली सी बात को लेकर वहां कुछ कार सवारों के साथ उसका झगड़ा हो गया। कार सवारों में से एक ने अपने पास रखी पिस्तौल निकाल ली और गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलियां सोनू को लगीं और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर रुपिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल सोनू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि कार सवारों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

#मामूली झगड़े के बाद युवक की गोली मारकर हत्या