कॉलेज छात्र पर हमला करने के आरोप में 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

डेराबस्सी (मोहाली), 22 अगस्त (गुरमीत सिंह)- रेलवे फाटक के पास कॉलेज छात्र पर तेजधार हथियारों से हमला करने के मामले में डेराबस्सी पुलिस ने 8 नामजद और 3 अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव परागपुर निवासी 21 वर्षीय तरनप्रीत सिंह ने बताया कि वह सरकारी कॉलेज डेराबस्सी में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसने बताया कि 20 अगस्त को दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपने दोस्तों के साथ रेलवे फाटक के पास एक कोठी के नजदीक खड़ा था। इसी दौरान काले रंग की थार और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कुछ युवक वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता के अनुसार हमलावरों के पास तलवार, गंडासी, गड़ारी और डंडे थे। गुरी नाम के युवक ने उसके सिर पर तलवार से वार किया। बचाव के लिए हाथ आगे करने के कारण तलवार उसकी उंगली पर लग गई। हमले में उसके हाथ और पीठ पर भी चोटें आईं। तरनप्रीत ने बताया कि कुछ दिन पहले कुछ युवक कॉलेज में हुड़दंग करने आए थे, जिस दौरान उसने गुरी के व्यवहार का विरोध किया था। उसका आरोप है कि इसी रंजिश के कारण उस पर हमला किया गया।

घायल को सिविल अस्पताल डेराबस्सी ले जाया गया, जहां से उसे सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया। बाद में परिवार उसे कुराली के अस्पताल ले गया। जांच अधिकारी एएसआई दिलबाग सिंह ने बताया कि गुरी, मनविंदर सिंह, जस्सू, मंगा, प्रीतपाल, सागर और प्रिंस समेत 11 लोगों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है। हमले की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।

#कॉलेज छात्र पर हमला करने के आरोप में 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज