गद्दे की फैक्टरी में लगी भीषण आग
जालंधर, 3 सितंबर (दविंदर)- जालंधर के बस्ती पीरदाद रोड पर मोदी मैट्स फैक्टरी में अचानक आग लग गई। स्थानीय निवासियों ने सुबह करीब 9 बजे इलाके से धुआं उठता देखा, जिसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
फैक्टरी के अंदर रसायन मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे इसे बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आग लगने का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है। फैक्टरी मालिक और पुलिस भी मौके पर पहुंच गए हैं। आग बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि फैक्टरी बस्ती पीरदाद रोड पर कई वर्षों से चल रही थी और यह रिहायशी इलाके में स्थित है। सुबह आग लगने के बाद लोगों ने शुरुआत में खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। आग के बढ़ते खतरे को देखते हुए आसपास के घरों को खाली करवाया गया।
इलाके के लोगों ने बताया कि जब उन्होंने काले धुएं को आसमान की ओर उठते देखा तो उनमें दहशत फैल गई। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। निवासियों का कहना है कि रिहायशी क्षेत्र में लगी आग आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी, जिसके चलते फैक्टरी के आसपास रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
आग पर काबू पाने के लिए कई फायर टेंडर मौके पर तैनात किए गए हैं। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है और दमकल विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं।

