एक पारी में पांच विकेट लेने वाला उम्रदराज गेंदबाज़ कौन है ? 

‘दीदी, क्रिकेट में रिकॉर्ड बनते व टूटते रहते हैं, लेकिन मैं सोच रहा था कि दोनों महिला व पुरुष क्रिकेट में एक पारी में पांच विकेट चटकाने वाला सबसे अधिक आयु का गेंदबाज़ कौन होगा?’
‘जहां तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की बात है तो आइल ऑ़फ मैन द्वीप की स्पिनर जोआन हिक्स ने यूनान की टीम के खिलाफ मात्र 10 रन देकर 5 विकेट लिए और इस तरह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वह 5 विकेट लेने वाली सबसे अधिक आयु की गेंदबाज़ बनीं।’
‘जिस समय उन्होंने यह कारनामा किया, उनकी आयु क्या रही होगी?’
‘वह 51 वर्ष 173 दिन की थीं, जब उन्होंने यह कारनामा किया। दिलचस्प यह है कि रोमानिया में मोआरा व्लसइ क्रिकेट ग्राउंड पर यह अप्रत्याशित उपलब्धि हासिल करने वाली हिक्स ने अपना अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू 47 वर्ष की आयु में किया था और यह टी-20 इंटरनेशनल में उनका तीसरा पांच विकेट का स्पेल था। वह राइट आर्म ऑ़फ स्पिनर हैं।’
‘हिक्स ने इस संदर्भ में किसका रिकॉर्ड तोड़ा?’
‘ऑस्ट्रेलिया के लेफ्ट आर्म स्पिनर बर्ट आयरनमोंगर का। जिन्होंने 1932 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट में 49 वर्ष 314 दिन की आयु में एक ही दिन में दो बार पांच या उससे अधिक विकेट लिए थे, पहली पारी में 6 रन देकर 5 विकेट और दूसरी पारी में 18 रन देकर 6 विकेट। ऑस्ट्रेलिया के 153 रन के जवाब में दक्षिण अफ्रीका अपनी दोनों पारियों में क्रमश: 36 व 45 रन ही बना सकी थी और पारी से हार गई थी। बर्ट आयरनमोंगर ने 14 टेस्ट खेले और वह दूसरे सबसे उम्रदराज़ टेस्ट क्रिकेटर के रूप में 1933 में 50 वर्ष व 327 दिन की आयु में रिटायर हुए। इंग्लैंड के विल्फर्ड रोड्स 52 वर्ष 165 दिन की आयु में रिटायर होने वाले सबसे बुज़ुर्ग टेस्ट क्रिकेटर हैं।’ 
‘ओडीआई में सबसे अधिक आयु में पांच विकेट लेने वाला गेंदबाज़ कौन है?’
‘न्यूज़ीलैंड के रिचर्ड हेडली, जिन्होंने 1989 में पाकिस्तान के विरुद्ध 37 वर्ष 218 दिन की आयु में 38 रन देकर 5 विकेट लिए थे।’ 
‘आपने बताया था कि जोआन हिक्स आइल ऑ़फ मैन या मैन द्वीप की हैं, मगर यह जगह है कहां?’
‘आइल ऑ़फ मैन ग्रेट ब्रिटेन और आयरलैंड के बीच आयरिश सागर में स्थित एक स्वशासित क्राउन डिपेंडेंसी है, जिसका अर्थ है कि यह सीधे तौर पर यूनाइटेड किंगडम का हिस्सा नहीं है बल्कि ब्रिटिश क्राउन के अधीन आता है। यहां के राज्य प्रमुख ब्रिटिश सम्राट (लार्ड ऑ़फ मैन) होते हैं। टिनवल्ड यहां की संसद है जो दुनिया की सबसे पुरानी लगातार कार्यरत संसदों में से एक है। इसकी राजधानी डगलस है और यह मोटरसाइकिल रेस ‘आइल ऑ़फ मैन टीटी’ के लिए विश्वविख्यात है।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर

#एक पारी में पांच विकेट लेने वाला उम्रदराज गेंदबाज़ कौन है ?