राजस्थान निकाय चुनावों के पहले चरण के लिए मतदान शुरू

 जयपुर , 9 सितंबर - राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए आज मतदान शुरू हो गया है। मतदाता सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतदान केंद्र पर जाने से पहले मतदाताओं को यह जरूर जांच लेना चाहिए कि मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज है या नहीं। इसके साथ ही पहचान के लिए जरूरी दस्तावेज भी साथ लेकर जाएं। राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान के लिए मतदाता की पहचान सुनिश्चित होना जरूरी है। हालांकि, अगर किसी मतदाता के पास वोटर आईडी नहीं है, तो भी वह आयोग की ओर से मान्य 11 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से किसी एक के जरिए मतदान कर सकता है।

बूंदी जिले में नगर निकाय चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत बूंदी, इन्द्रगढ़, केशोरायपाटन और देई में मतदान शुरू हो गया है। यहां सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चारों नगर निकायों में कुल 1 लाख 27 हजार 13 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें बूंदी नगर परिषद में 92 हजार 113, इन्द्रगढ़ में 4 हजार 856, केशोरायपाटन में 20 हजार 89 और देई में 9 हजार 955 मतदाता शामिल हैं।

पहले चरण के मतदान के लिए चारों नगर निकायों में कुल 159 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बूंदी में 94, केशोरायपाटन में 25, जबकि देई और इन्द्रगढ़ में 20-20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

अलवर, राजस्थान: नगर निकाय चुनाव 2026 के पहले चरण के लिए मतदान जारी है। राजस्थान में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। उन्होंने कहा, "मतदाता जागरूक हो चुके हैं। प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में बहुत अच्छा माहौल है। पिछले 3 वर्षों से यह सरकार शासन में है लेकिन आज भी सरकार कमियां ठीक नहीं कर पाई है...जनता ने तय कर लिया है कि भाजपा को हराएंगे और कांग्रेस को लेकर आएंगे। यह सरकार केवल बड़े-बड़े दावे करती रहती है लेकिन धरातल पर कुछ नहीं है..."

#राजस्थान निकाय