उधमपुर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता: मुठभेड़ में ढेर हुए 2 आतंकवादी
श्रीनगर, 17 सितंबर - जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया गया है। भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा चलाए गए इस संयुक्त ऑपरेशन के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है और बड़े पैमाने पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
सैनिक सूत्रों और स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक उधमपुर के दूरदराज के जंगली और पहाड़ी इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
घेराबंदी सख्त होते ही आतंकियों ने की फायरिंग
खुद को चारों तरफ से घिरा देख छिपे हुए आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की जिसके बाद दोनों ओर से भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। जवानों की सटीक और मुंहतोड़ जवाबी कार्रवाई में 2 आतंकी मौके पर ही ढेर हो गए।
वहीं मुठभेड़ स्थल से मारे गए आतंकियों के शवों के साथ भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य युद्ध जैसी सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षा बलों को अंदेशा है कि इलाके में कुछ और आतंकवादी छिपे हो सकते हैं जिसे देखते हुए उधमपुर के आसपास के सभी निकास रास्तों को सील कर दिया गया है और पैरा-कमांडो व अतिरिक्त बल की तैनाती के साथ व्यापक तलाशी अभियान जारी है।

