दमोह में 4 लोगों की निर्मम हत्या: घर में मिले मां और बच्चों के शव, पति गिरफ्तार
दमोह (मध्य प्रदेश), 19 सितंबर - जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या की सूचना से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घर में महिला और उसके तीन बच्चों के शव मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही मगरोन थाना प्रभारी वंदना गौर, फतेहपुर चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह और पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका का पति द्वारका पटेल मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहता था और कुछ समय पहले ही घर वापस आया था। पुलिस ने पति को पूछताछ के लिए अपनी सुरक्षा में लिया है। हादसे में पत्नी खेमा पटेल उम्र 27 वर्ष, बेटी उर्मिला पटेल उम्र 7 वर्ष और बेटे उमेश पटेल 4 वर्ष व राजा पटेल उम्र 1 वर्ष की मौत हुई है। घटना के पीछे अवैध संबंध का शक जताया जा रहा है, हालांकि अभी आधिकारिक स्तर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
एक साथ चार लोगों की हत्या की सूचना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से जानकारी ली।

