Gulf Tensions: GCC ने ईरान से हमले रोकने और समुद्री मार्ग खुले रखने की अपील की
नई दिल्ली, 23 सितंबर - खाड़ी सहयोग परिषद ने ईरान और उससे जुड़े समूहों से खाड़ी के अरब देशों पर हमले रोकने की अपील की है। परिषद ने यह भी कहा है कि महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों पर जहाजों की आवाजाही बिना बाधा जारी रहनी चाहिए। GCC के महासचिव जासेम मोहम्मद अलबुदैवी के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य और बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से वैश्विक तेल बाजार और आपूर्ति व्यवस्था पर असर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि इन समुद्री मार्गों में किसी भी तरह का व्यवधान केवल क्षेत्र तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका प्रभाव दुनियाभर में दिखाई देता है। ईरान की ओर से कहा गया है कि क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाना अमेरिका और इजराइल की ओर से किए गए हमलों के जवाब में की गई कार्रवाई है। GCC ने क्षेत्र में तनाव कम करने और समुद्री यातायात को सुरक्षित व निर्बाध बनाए रखने पर जोर दिया है।

