जोधपुर में अग्निकांड: केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से कई हताहत, 14 घायल अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली, 24 सितंबर - बासनी स्थित गणेश कॉलोनी की एक केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम लगी आग बुझाने के दौरान अचानक हुए जोरदार विस्फोट ने बड़ा हादसा कर दिया। फैक्ट्री में रखा केमिकल का टैंक अचानक फट गया और इसकी चपेट में आने से नगर निगम के दमकल दल के 14 कर्मचारी घायल हो गए। इनमें आठ दमकलकर्मी 50 फीसदी से अधिक झुलस गए हैं। हादसे के बाद घायलों को दमकल वाहनों और मौके पर मौजूद पिकअप की मदद से एम्स जोधपुर पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को महात्मा गांधी अस्पताल (एमजीएच) की बर्न यूनिट में शिफ्ट कर दिया गया।
आग बुझाते समय अचानक फटा केमिकल टैंक, धमाके की चपेट में आए दमकलकर्मी
बताया गया कि बासनी औद्योगिक क्षेत्र में गणेश कॉलोनी स्थित केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम अचानक आग लग गई। सूचना मिलने के बाद नगर निगम की दमकल टीमें आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे थे। इसी दौरान फैक्ट्री में रखा केमिकल का टैंक अचानक फट गया और जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट की चपेट में आने से मौके पर मौजूद दमकलकर्मी झुलस गए। शुरुआती जानकारी में घायल कर्मचारियों की संख्या 13 से 14 बताई गई, जबकि पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया ने बाद में 14 लोगों के घायल होने की जानकारी दी।

