निजी यूनिवर्सिटी के छात्रों ने नेशनल हाईवे किया जाम
फगवाड़ा (कपूरथला), 27 सितंबर (हरजोत सिंह चाना): रविवार तड़के करीब 2 बजे निजी यूनिवर्सिटी में एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म की खबर वायरल होने के बाद तनाव पैदा हो गया और छात्रों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए नेशनल हाईवे जाम कर दिया।
विरोध प्रदर्शन लड़कियों के हॉस्टल के पास से शुरू हुआ, जिसके बाद छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में तोड़फोड़ करते हुए खिड़कियों के शीशे तोड़े और ईंटें व गमले फेंके। इस दौरान कैंपस की कुछ जगहों पर आग लगाए जाने की भी सूचना है। स्थिति बिगड़ने के बाद यूनिवर्सिटी की निजी सुरक्षा भी छात्रों को नियंत्रित करने में असहाय नजर आई।
तड़के करीब 4 बजे छात्र यूनिवर्सिटी के गेटों के पास पहुंच गए और साइन बोर्डों को नुकसान पहुंचाने के बाद नेशनल हाईवे पर धरना लगा दिया। इस कारण फगवाड़ा-जालंधर के बीच नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। कपूरथला पुलिस द्वारा भारी सुरक्षा बल तैनात कर कैंपस के अंदर आगजनी और अन्य नुकसान को रोकने के लिए कार्रवाई की गई।
छात्रों द्वारा घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन के प्रति रोष जाहिर किया गया। कपूरथला के एस.एस.पी. गौरव तूरा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि छात्रा के साथ दुष्कर्म की एक घटना से संबंधित वायरल संदेश के बाद छात्रों में रोष पैदा हुआ। उन्होंने कहा कि अब तक पुलिस को इस घटना की पुष्टि करने वाला कोई तथ्य नहीं मिला है और न ही कोई शिकायत प्राप्त हुई है।
एस.एस.पी. ने बताया कि यूनिवर्सिटी की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है और छात्रों द्वारा नेशनल हाईवे पर धरना दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस छात्रों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास कर रही है और हालात काबू में आने शुरू हो गए हैं।

