राष्ट्रपति दौरे को लेकर बिलासपुर में सुरक्षा चाक-चौबंद, 500 से अधिक पुलिसकर्मी होंगे तैनात
बिलासपुर, 1 अक्टूबर(कश्मीर ठाकुर) - राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 6 अक्तूबर को प्रस्तावित बिलासपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा, यातायात तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। उपायुक्त राहुल कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बिलासपुर सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्लान की जानकारी दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आनंदपुर साहिब होते हुए श्री नयना देवी जी पहुंचकर माता के दर्शन करेंगी। इसके बाद वे आनंदपुर साहिब जाएंगी और वहां से एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति को एम्स में बाबा बालक नाथ ट्रस्ट की प्रतिमा भेंट की जाएगी, जबकि मां नयना देवी मंदिर में राज्यपाल द्वारा मां नयना देवी की प्रतिमा भेंट की जाएगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति मनाली के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र को विभिन्न सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था में 500 से अधिक पुलिसकर्मी एवं अधिकारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा होमगार्ड, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी आवश्यक स्थानों पर तैनात रहेंगी।
सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है। निर्धारित सुरक्षा क्षेत्र में हथियार लेकर जाने तथा पांच या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का समय निर्धारित
राष्ट्रपति के श्री नयना देवी जी मंदिर दौरे के चलते 6 अक्तूबर को आम श्रद्धालुओं के लिए सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक दर्शन की व्यवस्था बंद रहेगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे से मंदिर में दर्शन सामान्य रूटीन के अनुसार फिर शुरू कर दिए जाएंगे।
घागस और नौणी से लागू होगा ट्रैफिक डायवर्जन
आम जनता और मरीजों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। सुबह 10 बजे के बाद घागस और नौणी से डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों, ट्रकों और निर्माण कार्य से जुड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
हालांकि, एम्बुलेंस, मरीजों को ले जाने वाले वाहनों तथा निजी वाहनों को आवश्यकतानुसार आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेने की अपील की ।

