यूपी: संगठन में फेरबदल के चलते कांग्रेस नेताओं में मायूसी छाई
मुरादाबाद, 6 अक्टूबर - उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव सिर पर आ गए हैं लेकिन कांग्रेस संगठन में जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की सूची एक माह बाद भी फाइनल नहीं हुई है। इस वजह से चुनावी तैयारियों की जगह कार्यकर्ताओं में मायूसी छा गई है। अभी सहयोगी दलों से गठबंधन का भी निर्णय नहीं हो सका है।
कांग्रेस के पर्यवेक्षक मोहन मरकाम 11 से 17 अगस्त तक के लिए जिले में आए थे। उन्होंने कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के बारे में लोगों से राय ली। जाते समय पर्यवेक्षक ने सर्किट हाउस में एक दर्जन कांग्रेसियों के साक्षात्कार लिए। भरोसा दिया कि इस मामले में सूची आलाकमान को सौंपी जाएगी।
इसके बाद पार्टी के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के बारे में आलाकमान निर्णय लेगा। एक माह बीतने के बावजूद पार्टी ने जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया। इधर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को भी हटा दिया गया।

