दिमाग के अंधेरे में रोशनी की दस्तक देते चिकित्सा नोबेल-2026 

दिमाग हमारे शरीर का वह हिस्सा है, जिसे हम हर क्षण इस्तेमाल करते हैं— जानते हुए भी और न जानते हुए भी लेकिन आज तक हम पूरी तरह से इस दिमाग को ही नहीं समझ पाये हैं जबकि पिछले सौ सालों में हम इन्सान चांद पर पहुंच गये हैं, मंगल की मिट्टी का अध्ययन कर रहे हैं, समुद्र की अतल गहराइयों की खोज खबर ले रहे हैं और ऐसी मशीनें बना रहे हैं, जो करोड़ों सूचनाओं को पलक झपकते ही एडिट कर सकती हैं। लेकिन इन तमाम उपलब्धियों के बीच एक विडंबना आज भी हमारे सामने खड़ी है कि जिस दिमाग ने दुनिया के अनंत रहस्यों को खोला है, आखिर उसके अपने रहस्य अभी पूरी तरह से क्यों नहीं खोले जा सके हैं? मसलन हम सोचते कैसे हैं, किसी चेहरे को देखते ही हमें उससे जुड़ी वर्षों पुरानी स्मृतियां क्यों तत्क्षण ताजा हो जाती हैं? कोई आवाज या गंध, आखिर कैसे हमारे अतीत के रहस्यों को पलक झपकते ताजा कर देती है? साथ ही यह सहज सवाल कि आखिर कोई विचार हमारे मस्तिष्क को कैसे सक्रिय कर देता है?
इन सब सवालों को खोजने की यात्रा में विज्ञान ने अब एक महत्वपूर्ण दरवाजा खोला है। साल 2026 का चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार पीटर हेगेमैन, जॉर्ज नागेल और कार्ल डिसेरॉथ को प्रकाश-संवेदी आयन चैनलों और ऑप्टोजेनेटिक्स से संबंधित उनके काम के लिए दिया गया है। इन वैज्ञानिकों की खोजों ने प्रकाश की मदद से विशिष्ट तंत्रिका कोशिकाओं की गतिविधि को नियंत्रित करने का एक रास्ता दिखाया है। स्टैनफर्ड के डिसेरॉथ, बर्लिन के हेगेमैन, वुर्जबर्ग के नागेल की खोज ऑप्टोजेनेटिक्स ने न्यूरोसाइंस की दिशा ही बदल दी है। इस तकनीक में प्रकाश-चालित ऐसे स्विच मिलते हैं, जिनसे दिमाग की नर्वसेंस और सर्किट को नियंत्रित कर ब्रेन फंक्शन, व्यवहार और बीमारियों को समझा जा सकता है। इसकी शुरुआत हेगेमैन हरे शैवाल के रोशनी की और तैरने रहस्य को सुलझाने के साथ हुई। हेगेमैन और नागेल ने एक ऐसा प्रोटीन खोजा जो नीली रोशनी पड़ने पर आयन चैनल खोलकर इलेक्ट्रिकल हलचल पैदा करता है जबकि डिसेरॉथ ने इसी जीन का उपयोग करके जीवित चूहों के दिमाग में नर्वसेंस के लिए एक लाइट कंट्रोल स्विच तैयार किया। 
यह सुनने में भले साधारण बात लगे, लेकिन यह खोज दरअसल असाधारण रहस्यों की खोज वाली तकनीक है और सबसे बड़ी बात यह है कि यह असाधारण रूप से मानवीय है। जैसा कि हम सब जानते हैं, हमारा मस्तिष्क अरबों न्यूरॉन का एक ऐसा जटिल संसार है, जिसमें हर क्षण असंख्य विद्युत और रासायनिक संकेत दौड़ रहे होते हैं। हम किसी चीज को जब देखते हैं, तो उसका एक निश्चित अर्थ निकालते हैं और उसी अर्थ के मुताबिक अपनी प्रतिक्रिया करते हैं। यह वही क्षण होता है, जब हमारे भीतर भावनाओं और स्मृतियों की भी अपनी अनेक गतिविधियां चल रही होती हैं। अभी तक समस्या यह रही है कि इतने जटिल नेटवर्क में किसी एक न्यूरॉन या न्यूरॉन्स के समूह की वास्तविक भूमिका को अलग करके समझना बेहद कठिन था। यहीं पर इस नोबेल पुरस्कार जीतने वाले वैज्ञानिकों की खोज की अहमियत सामने आती है। पीटर हेगेमैन और जॉर्ज नागेल ने एक सूक्ष्म एक कोशिकीय शैवाल में प्रकाश के प्रति संवेदनशील प्रोटीनों की प्रकृति को समझने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रकृति ने इस छोटे से जीव में प्रकाश को जैविक संकेत में बदलने की क्षमता विकसित कर रखी थी। वैज्ञानिकों ने इसी प्राकृतिक व्यवस्था को समझा और आगे चलकर उसे तंत्रिका विज्ञान के लिए असाधारण औजार में बदल दिया।
कार्ल डिसेरॉथ के काम ने इस दिशा को मस्तिष्क के अध्ययन तक पहुंचने में निर्णायक भूमिका निभायी। प्रकाश-संवेदी प्रोटीनों को विशिष्ट न्यूरॉन्स में इस्तेमाल करके वैज्ञानिक अब प्रकाश की मदद से उन कोशिकाओं को सक्रिय या निष्क्रिय कर सकते हैं। कहने का मतलब यह कि जिस मस्तिष्क को अब तक बाहर से देखा जाता था, अब उसके भीतर की गतिविधियों को भी बेहद सूक्षमता से छूने और नियंत्रित करके समझने का रास्ता खुला है। विज्ञान में यह अंतर मामूली नहीं है। किसी न्यूरॉन को किसी व्यवहार के द्वारा सक्रिय देखना एक बात है, लेकिन उसी न्यूरॉन को नियंत्रित करके यह देखना कि उसके सक्रिय होने से व्यवहार में आखिर क्या परिवर्तन आता है, यह बेहद महत्वपूर्ण दूसरी बात है। पहली बात संबंध दिखाती है और दूसरी कारण की तलाश करने को मजबूर करती है। वास्तव में यहीं से मस्तिष्क के उन रहस्यों तक पहुंचने की संभावनाएं पैदा होती हैं, जिनका संबंध हमारे सबसे निजी अनुभवों से है। मसलन डर, आनंद, स्मृति, प्रेरणा, आदत और सबसे महत्वपूर्ण हमारे किये जाने वाले व्यवहार तक। 
कल्पना कीजिए किसी व्यक्ति को कोई पुराना गीत सुनते ही उसके बचपन की यादें ताजा हो जाती हैं, तो सवाल उठता है आखिर गाना सुनने के दौरान उसके भीतर कौन से न्यूरॉल सर्किट सक्त्रिय होते हैं? किसी भयावह अनुभव की स्मृति बरसों बाद भी हमें डर से झकझोर क्यों देती है? आखिर किसी बीमारी में मस्तिष्क के कौन से सर्किट असामान्य ढंग से सक्रिय हो जाते हैं? इन सभी सवालों के जवाब अभी हमारे पास नहीं हैं लेकिन अब वैज्ञानिकों के पास इन्हें पूछने और जांचने का पहले से कहीं अधिक सटीक तरीका है। यही वजह है कि इस उपलब्धि को केवल एक नई प्रयोगशाला तकनीक के रूप में देखना, इसके महत्व को कम करके आंकना होगा। सच्चाई यह है कि मस्तिष्क विज्ञान की यह उस यात्रा का हिस्सा है, जिसमें हम धीरे-धीरे यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि न्यूरॉन्स की गतिविधि किस तरह हमारे अनुभवों को जन्म देती है और हमारे व्यवहार को आकार देती है लेकिन यहां उम्मीद के साथ संयम भी बहुत ज़रूरी है। विज्ञान की किसी उपलब्धि को सीधे चमत्कारिक फायदों में बदल देना आकर्षक तो जरूर है, लेकिन हमेशा यह वैज्ञानिक सत्य नहीं होता। ऑप्टोजेनेटिक्स अभी मुख्यत: शोध का शक्तिशाली औजार है और वैज्ञानिकों का अनुमान है कि भविष्य में इसके जरिये मिर्गी, पार्किंसन, अवसाद और दूसरी न्यूरोलॉजिकल या मानसिक स्थितियों को समझने तथा उपचार के नये रास्ते खोल सकता है। लेकिन अभी प्रयोगशाला से मरीज के बिस्तर तक पहुंचने की यह यात्रा लंबी और कठिन है। हर नई वैज्ञानिक खोज उस घर के किसी एक कमरे में रोशनी करती है। 2026 के चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार इसी रोशनी की एक महत्वपूर्ण किरण है। 

-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#दिमाग के अंधेरे में रोशनी की दस्तक देते चिकित्सा नोबेल-2026