विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने सामूहिक छुट्टी लेकर डीसी कार्यालय के बाहर दिया धरना

कपूरथला, 21 अक्टूबर (अमरजीत कोमल)- पंजाब मुलाजिम एवं पेंशनर्स संयुक्त फ्रंट और साझा मुलाजिम मंच पंजाब की तालमेल कमेटी के आह्वान पर आज जिले के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने सामूहिक छुट्टी लेकर डीसी कार्यालय के बाहर धरना दिया। पंजाब स्टेट मिनिस्टीरियल सर्विसेज यूनियन के नेतृत्व में कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना रोष जताया।

धरने को पंजाब स्टेट मिनिस्टीरियल सर्विसेज यूनियन के चेयरमैन एवं डीसी कार्यालय यूनियन के प्रदेश महासचिव नरेंद्र सिंह चीमा, जिला प्रधान संगत राम बागी, डीसी कार्यालय यूनियन के प्रधान हरप्रीत सिंह संधू, पंजाब गवर्नमेंट पेंशनर्स एसोसिएशन के जिला प्रधान सुच्चा सिंह और महासचिव गुरदीप सिंह, द क्लास फोर गवर्नमेंट एम्प्लाइज यूनियन के जिला प्रधान जसविंदरपाल उग्गी सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के नेताओं ने संबोधित किया।

वक्ताओं ने सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ सरकार विज्ञापनों पर लाखों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कर्मचारियों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान करने के मुद्दे को नजरअंदाज किया जा रहा है। इसको लेकर कर्मचारियों और पेंशनर्स में रोष है।

धरने के समापन पर यूनियन के जिला प्रधान संगत राम बागी ने बताया कि 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे भी कर्मचारी सामूहिक छुट्टी लेकर पुरानी कचहरी चौक, कपूरथला में एकत्रित होंगे। यहां से शहर में मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। इसके बाद आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज के कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों से इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।

#विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने सामूहिक छुट्टी लेकर डीसी कार्यालय के बाहर दिया धरना