आरबीआई बुलेटिन: अर्थव्यवस्था मजबूत, बैंकों ने कम की कर्ज दरें और एनबीएफसी में मजबूत ग्रोथ
मुंबई, 24 अक्टूबर - भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को अपना मासिक 'आरबीआई बुलेटिन-अक्तूबर 2026' जारी किया है। वैश्विक स्तर पर पश्चिम एशिया में गहराते तनाव और आपूर्ति शृंखला की बाधाओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था अपनी मजबूती का प्रदर्शन कर रही है। बुलेटिन में शामिल विस्तृत अध्ययनों के अनुसार, मौद्रिक नीति में की गई कटौती का लाभ अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों (एससीबी) के माध्यम से कर्जदारों तक तेजी से पहुंचा है। इसके साथ ही, परिसंपत्ति गुणवत्ता में निरंतर सुधार के दम पर गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) ने दोहरे अंकों में क्रेडिट ग्रोथ दर्ज की है।
बुलेटिन के 'स्टेट ऑफ द इकोनॉमी' अध्ययन के अनुसार, पश्चिम एशिया में नए भू-राजनीतिक तनावों और आपूर्ति शृंखला में आए व्यवधानों ने वैश्विक स्तर पर मुद्रास्फीति के दबाव को बढ़ाया है, जिसके चलते प्रमुख केंद्रीय बैंकों ने नीतिगत दरें बढ़ाई हैं। इसके बावजूद, उद्योग और सेवा क्षेत्र के उच्च-आवृत्ति संकेतकों के दम पर भारतीय अर्थव्यवस्था में मजबूती बनी हुई है।

