जालंधर में हॉकी का महाकुंभ: मैदान पर बांग्लादेशी टीम ने किया भांगड़ा, 27 अक्टूबर से मुकाबला!

जालंधर, 24 अक्टूबर - खेल नगरी जालंधर में अंतरराष्ट्रीय हॉकी के रोमांचक मुकाबलों की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आगामी 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होने जा रही एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी चैंपियनशिप के लिए विदेशी टीमों का पहुंचना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में आज बांग्लादेश की हॉकी टीम जालंधर के स्टेडियम में पहुंची जहां उनका भव्य और पारंपरिक अंदाज में शानदार स्वागत किया गया। पंजाब की मेहमाननवाजी और यहां के कल्चर का जादू विदेशी मेहमानों के सिर चढ़कर बोला। स्टेडियम में पहुंचने पर बांग्लादेशी खिलाड़ी पंजाब के प्रसिद्ध लोक नृत्य 'भांगड़ा' की धुन पर थिरकते नजर आए और माहौल का जमकर लुत्फ उठाया।

बांग्लादेश टीम के कप्तान अर्शउफ उल ने पंजाब दौरे की तारीफ करते हुए कहा कि यहां के लोगों ने उनकी टीम का दिल खोलकर स्वागत किया है। उन्होंने मजाकिया और प्यार भरे अंदाज में पंजाबी खाने की भी जमकर तारीफ की। स्टेडियम की सुविधाओं पर बात करते हुए बांग्लादेशी कप्तान ने कहा कि यहां का टर्फ और मैदान बेहद शानदार है और काफी हद तक उनके अपने देश जैसा माहौल लग रहा है। टूर्नामेंट के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह एक बहुत बड़ा और प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है जिसमें एशिया की शीर्ष टीमें हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने भारतीय टीम को इस टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीम करार दिया और कहा कि उनकी टीम भी अपना बेस्ट प्रदर्शन देने की पूरी कोशिश करेगी। फिलहाल इससे पहले जापान की टीम भी जालंधर पहुंच चुकी है और अब धीरे-धीरे अन्य देश की टीमें भी स्टेडियम में पहुंचकर अपने अभ्यास सत्र की शुरुआत करेंगी।

#जालंधर
# हॉकी
# महाकुंभ
# मैदान
# बांग्लादेशी टीम
# भांगड़ा