घर पर बनाएं लावा लैंप
बच्चो! रसोई की बुनियादी चीज़ों का इस्तेमाल करके आप आसानी से अस्थायी, सुरक्षित लावा लैंप बना सकते हैं। इसे बनाने का तरीका आज मैं आपको बताने जा रही हूं। दरअसल, यह एक क्लासिक तरीका है, जो घनत्व यानी डेंसिटी (तेल पानी पर तैरता है) पर निर्भर करता है और इसमें एक सामान्य रासायनिक क्रिया होती है, जिससे रंगीन ‘लावा’ के बुलबुले नाचने लगते हैं।
इस प्रयोग के लिए आवश्यक सामग्री होगी- एक साफ प्लास्टिक की बोतल या कांच का जार, पानी, वनस्पति तेल, मनपसंद फूड कलरिंग, अल्का-सेल्टज़र या कोई भी फिवरेंसेंट (बुदबुदाती) एंटासिड टेबलेट। बेहतर प्रभाव के लिए फ़्लैशलाइट या टोर्च वैकल्पिक है। इस प्रयोग को करने की विधि चरण दर चरण इस प्रकार से है-
1. पानी डालें- बोतल या जार के निचले हिस्से को लगभग एक चैथाई (1/4) भाग पानी से भरें।
2. तेल भरें- अब इसमें धीरे धीरे वनस्पति तेल डालें, जब तक कि बोतल ऊपर से थोड़ी सी खाली न रह जाये। तेल पानी के ऊपर तैरने लगेगा क्योंकि तेल पानी से हल्का होता है। ध्यान रहे कि बोतल को बिल्कुल किनारे तक न भरें, ऊपर से थोड़ा खाली रखें ताकि जब बुलबुले बनने शुरू हों तो वह ओवरफ्लो न करें। एक या दो मिनट के लिए तेल को स्थिर होने दें, जब तक कि तेल व पानी की दो एकदम परत पूरी तरह से न बन जायें।
3. रंग मिलाएं- इसमें अपनी पसंद की फूड कलरिंग की 8 से 10 बूंद डालें। रंग नीचे बैठकर पानी में मिल जायेगा, लेकिन तेल के साथ नहीं घुलेगा।
4. टेबलेट डालें- अब अल्का-सेल्टज़र टेबलेट को छोटे छोटे टुकड़ों में तोड़कर बोतल में डाल दें।
5. लावा का आनंद लें- टेबलेट पानी के साथ मिलकर गैस (कार्बन डाईऑक्साइड) बनायेगी, जिससे रंगीन पानी ऊपर उठेगा और नीचे बैठेगा। जैसे ही टेबलेट पानी की परत से टकराएगी तो हलचल होगी और गैस के बुलबुले बनेंगे। यह बुलबुले रंगीन पानी को तेल की परत से होते हुए ऊपर की तरफ लेकर जायेंगे। जब वह ऊपर पहुंच जायेंगे तो गैस बाहर निकल जायेगी और भारी रंगीन पानी वापस नीचे की तरफ आ जायेगा।
6. अधिक अच्छा नज़ारा देखने के लिए बोतल के नीचे फ़्लैशलाइट जलाकर रखें।
इस प्रभाव को जारी रखने के लिए जब भी बुलबुले बनने धीमे पड़ें तो एक और टेबलेट तोड़कर डाल दीजिये। अगर आप इसे स्टोर से खरीदा हुआ वास्तविक लावा लैंप बनाना चाहते हैं तो कमरे की लाइट बंद कर दें और फ़्लैशलाइट या फोन की टोर्च को कंटेनर के सीधे नीचे या पीछे ऑन कर दें।
वैसे इस प्रयोग को करने का एक वैकल्पिक तरीका भी है। दो चम्मच बेकिंग सोडा जार के नीचे डाल दें, ध्यानपूर्वक जार को लगभग = वनस्पति तेल से भर दें कि बेकिंग सोडा पर कोई खास असर न पड़े। एक अलग कप में सफेद सिरका लें और उसमें चंद बूंद फूड कलर की मिला दें। धीरे-धीरे बल्कि एक समय में एक चम्मच रंगीन सिरका तेल के कंटेनर में डालें और बुलबुले बनते हुए देखें।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर



