इंटरनेट की अदृश्य डोर, बदलती दुनिया का नया दौर
कल्पना कीजिए, प्रशांत महासागर के बीचों-बीच एक विशाल मालवाहक जहाज आगे बढ़ रहा है। चारों ओर अथाह जलराशि, दूर-दूर तक कोई आबादी नहीं और मोबाइल नेटवर्क का नामोनिशान तक नहीं। लेकिन जहाज के भीतर रखे एक कंटेनर में लगा छोटा-सा सेंसर लगातार उसके तापमान की निगरानी कर रहा है। कोई गड़बड़ी होते ही वह दूर बैठे नियंत्रण कक्ष तक सूचना पहुंचा सकता है। खेत में मिट्टी की नमी मापता सेंसर, स्वयं अपनी ऊर्जा खपत का हिसाब रखता स्मार्ट मीटर और मोबाइल से निर्देश पाकर घर का तापमान नियंत्रित करता एयर कंडीशनर, ये सभी उसी अदृश्य डिजिटल क्रांति के उदाहरण हैं, जिसने निर्जीव वस्तुओं को भी संवाद करने की क्षमता दे दी है। इस क्रांति का नाम है इंटरनेट और इसका विस्तारित स्वरूप है ‘इंटरनेट ऑफ थिंग्स’ (आईओटी)। हर वर्ष 29 अक्तूबर को मनाया जाने वाला ‘अंतर्राष्ट्रीय इंटरनेट दिवस’ हमें इसी परिवर्तन की ऐतिहासिक यात्रा की याद दिलाता है।
इंटरनेट आज केवल संदेश भेजने, समाचार पढ़ने, मनोरंजन करने या सामाजिक माध्यमों पर सक्रिय रहने का साधन नहीं रह गया है। यह ज्ञान, अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान, शासन और सामाजिक संपर्क की ऐसी जीवनरेखा बन चुका है, जिसके बिना आधुनिक जीवन की कल्पना कठिन होती जा रही है। हालांकि इस डिजिटल संसार की चमक के पीछे एक असहज सच्चाई यह भी है कि दुनिया का एक बड़ा हिस्सा अब भी इंटरनेट से वंचित है और करोड़ों लोगों के लिए डिजिटल अवसर आज भी पहुंच से दूर हैं। इंटरनेट की कहानी 29 अक्तूबर 1969 की उस ऐतिहासिक शाम से जुड़ी है, जब अमरीका में कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, लॉस एंजिलिस के शोधकर्ताओं ने स्टैनफोर्ड रिसर्च इंस्टीट्यूट में स्थित कंप्यूटर तक संदेश भेजने का प्रयास किया। उस समय इस नेटवर्क को ‘एआरपीएनेट’ कहा जाता था।
उस समय शायद ही किसी ने कल्पना की होगी कि कम्प्यूटरों के बीच सूचना के आदान-प्रदान का यह सीमित प्रयोग एक दिन अरबों लोगों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन जाएगा। इंटरनेट के विकास ने दूरी, समय और भौगोलिक सीमाओं की पारंपरिक अवधारणाओं को बदल दिया। आज कुछ ही क्षणों में दुनिया के किसी भी कोने में संदेश पहुंच सकता है, दूरस्थ स्थानों पर बैठे विशेषज्ञ एक साथ काम कर सकते हैं और किसी छोटे गांव का विद्यार्थी वैश्विक ज्ञान-संसाधनों तक पहुंच बना सकता है। अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) के वर्ष 2025 के अनुमानों के अनुसार, दुनिया में लगभग 6 अरब लोग इंटरनेट का उपयोग कर रहे थे, जो वैश्विक आबादी का करीब 74 प्रतिशत है। इसके बावजूद लगभग 2.2 अरब लोग ऑफलाइन थे। ये आंकड़े बताते हैं कि डिजिटल क्रांति का विस्तार अभूतपूर्व है लेकिन सार्वभौमिक डिजिटल समावेशन का लक्ष्य अभी अधूरा है। इंटरनेट से जुड़ जाना भी अपने आप में पर्याप्त नहीं है, कनेक्शन की गुणवत्ता, उसकी कीमत, उपलब्ध उपकरण और डिजिटल साक्षरता भी यह तय करते हैं कि कोई व्यक्ति तकनीक से वास्तविक लाभ उठा पाएगा या नहीं। भारत इस परिवर्तन का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) के मार्च 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार देश में इंटरनेट ग्राहकों की संख्या लगभग 109.28 करोड़ पहुंच गई थी। इनमें करीब 106.59 करोड़ ब्रॉडबैंड ग्राहक थे। यह विस्तार बताता है कि इंटरनेट अब केवल महानगरों और संपन्न वर्गों तक सीमित नहीं रहा बल्कि गांवों, छोटे शहरों, शिक्षण संस्थानों और स्थानीय व्यवसायों तक डिजिटल सेवाओं का प्रसार देश की आर्थिक तथा सामाजिक संरचना को बदल रहा है।
डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन बैंकिंग, ई.कॉमर्स, टेलीमेडिसिन, ऑनलाइन शिक्षा और सरकारी सेवाओं की उपलब्धता ने इंटरनेट को आम नागरिक के दैनिक जीवन का हिस्सा बना दिया है। किसान मौसम, बाजार भाव और कृषि संबंधी जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। विद्यार्थी दूर बैठे शिक्षकों से सीख सकते हैं। छोटे उद्यमी अपने उत्पादों को देश-विदेश के ग्राहकों तक पहुंचा सकते हैं। डिजिटल भुगतान ने लेन-देन की प्रक्रिया को सरल बनाया है जबकि ऑनलाइन सरकारी सेवाओं ने अनेक कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम की है। इंटरनेट रोज़गार, उद्यमिता और नवाचार के नए रास्ते खोलने के साथ अर्थव्यवस्था में उत्पादकता बढ़ाने का भी माध्यम बन रहा है। इंटरनेट की वास्तविक क्रांतिकारी क्षमता इसके अगले चरण में दिखाई देती है, जहां इंसानों के साथ मशीनें और वस्तुएं भी आपस में जुड़ रही हैं। ‘आईओटी’ ऐसी तकनीक है, जिसमें सेंसर, सॉफ्टवेयर और नेटवर्क की मदद से उपकरण डेटा एकत्र करते हैं, उसका आदान-प्रदान करते हैं और ज़रूरत के अनुसार प्रतिक्रिया देते हैं। स्मार्ट घरों में बिजली और तापमान का नियंत्रण, उद्योगों में मशीनों की निगरानी, अस्पतालों में मरीजों के कुछ स्वास्थ्य संकेतकों का दूरस्थ अवलोकन, शहरों में यातायात प्रबंधन और कृषि में ज़रूरत के अनुसार सिंचाई इसके उपयोगी उदाहरण हैं।
उदाहरण के लिए खेत में लगा नमी सेंसर मिट्टी के सूखने का संकेत दे सकता है और स्वचालित सिंचाई व्यवस्था ज़रूरत के अनुसार पानी छोड़ सकती है। इससे जल की बचत और कृषि संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव है। कारखानों में सेंसर मशीनों की असामान्य गतिविधियों की पहचान करके खराबी की आशंका पहले ही बता सकते हैं। परिवहन और आपूर्ति श्रृंखला में जुड़े उपकरण तापमान, स्थान और माल की स्थिति पर नज़र रखने में मदद करते हैं। इस प्रकार इंटरनेट केवल सूचना पहुंचाने वाला माध्यम नहीं बल्कि वास्तविक दुनिया की गतिविधियों को अधिक कुशल बनाने वाला आधार बनता जा रहा है। इस परिवर्तन को एआईए क्लाउड कंप्यूटिंग, 5जी और डेटा विश्लेषण जैसी तकनीकें नई गति दे रही हैं। जहां आईओटी उपकरण सूचनाएं एकत्र करते हैं, वहीं एआई उन सूचनाओं में छिपे पैटर्न पहचानकर निर्णय लेने में सहायता कर सकता है। इंटरनेट की असली शक्ति पूरी दुनिया को जोड़ने में नहीं, जुड़ी हुई दुनिया को अधिक ज्ञानवान, सुरक्षित, संवेदनशील और समान अवसरों वाला बनाने में निहित है।



