खरगे आवास पर सीईसी के खिलाफ प्रतीकात्मक महाभियोग आज
*कल महारैली; राहुल-अखिलेश समेत कई नेता होंगे शामिल
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर - विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक ‘जन महाभियोग’ आयोजित करेगा। इस पूरी कार्यवाही की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार करेंगी। खरगे प्रस्ताव पेश करेंगे, जबकि राहुल गांधी समापन वक्तव्य देंगे। विपक्षी दलों के प्रतिनिधि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे उठाएंगे। यह वास्तविक संवैधानिक महाभियोग प्रक्रिया नहीं, बल्कि विरोध का प्रतीकात्मक आयोजन है।
लोगों की तकलीफ और लोकतंत्र पर हमला होगा चर्चा में खास
कांग्रेस के लोकसभा में उपनेता गौरव गोगोई ने कहा कि एसआईआर और वोट चोरी से जुड़े सभी अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों की तकलीफ और लोकतंत्र पर हमले को चर्चा के जरिए सामने लाना है।
हर दल से एक नेता को बोलने का मौका
समाजवादी पार्टी के नेता हरेंद्र मलिक ने बताया कि ‘जन महाभियोग’ की कार्यवाही में प्रत्येक दल से केवल एक नेता बोलेगा। संबंधित दल का प्रमुख स्वयं बोल सकता है।

